पटना : बक्सर के चौसा में मुआवजे की मांग को लेकर धरना दे रहे किसानों पर पुलिस के कहर और कार्रवाई के मामले में राज्य सरकार की शिथिलता को भाजपा ने दूर तक पहुंचाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में शनिवार को भाजपा के राज्यसभा सदस्य विवेक ठाकुर ने प्रेसवार्ता कर किसानों की आवाज बुलंद करने की घोषणा की।

पत्रकारों से बातचीत में विवेक ठाकुर ने कहा कि प्रसिद्ध किसान नेता और समाज सुधारक स्वामी सहजानंद सरस्वती की कर्मभूमि रही बक्सर में किसानों के साथ बर्बर कार्रवाई के विरोध में 22 फरवरी को सहजानंद की जयंती पर पटना में किसान-मजदूर समागम का आयोजन गांधी मैदान के पास स्थित बाबू सभागार में किया जाएगा।
किसान समागम को बतौर मुख्य वक्ता संबोधित करने के लिए केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने अनुमति दे दी है। उन्होंने बताया कि समारोह में प्रदेशभर के किसानों को बुलाया जाएगा।
बता दें कि पांच महीने के अंदर दूसरी बार अमित शाह बिहार आ रहे हैं। इससे पहले अक्टूबर में शाह जेपी की जन्मभूमि सारण जिले के सिताबदियारा आए थे।



