मुजफ्फरपुर : रामदयालु नगर, गोबरसही और नारायणपुर अनंत रेल गुमटी पर रेल ओवर ब्रिज (आरओबी) के निर्माण में पेंच फंस गया है। तीनों जगहों पर निर्माण की स्वीकृति मिली थी।
तीनों आरओबी का नक्शा (जीएडी) भी स्वीकृत हो चुका है, लेकिन रेलवे के पिंक बुक और एस्टीमेट (लागत) में राशि का अंतर हो गया। इसका कारण डीपीआर नहीं बन पा रहा है।
बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड ने अबतक दो बार एमडी के माध्यम से रेलवे को पत्र लिखा है। इसमें पिंक बुक और एस्टीमेट में अंतर सुधार कर देने के लिए कहा है।
विभाग का कहना है कि अंतर सुधार करने के पांच दिन बाद डीपीआर तैयार किया जाएगा। पिछले साल 14 मई को बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के एमडी ने रेलवे को पत्र लिखा था, लेकिन आठ माह बाद भी रेलवे ने पिंक बुक और एस्टीमेट में अंतर सुधार नहीं किया।
इसके बाद इस साल 11 जनवरी को फिर एमडी के माध्यम से रेलवे को रिमाइंडर भेजा गया। बावजूद इसके अबतक कोई पहल नहीं की जा सकी है। इससे तीनों जगहों पर आरओबी निर्माण कराने का काम आगे नहीं बढ़ पा रहा है।
रेलवे से पिंक बुक और एस्टीमेट में अंतर समाप्त कर पुल निगम को रिपोर्ट मिलने का इंतजार किया जा रहा है। पुल निगम का दावा है कि रेलवे से रिपोर्ट मिलने के पांच दिन के अंदर ही डीपीआर तैयार कर लिया जाएगा।
इसके बाद इसे पथ निर्माण विभाग को सौंप दिया जाएगा। इससे आरओबी निर्माण में फंसा पेच दूर हो जाएगा। पिंक बुक में रेलवे के वार्षिक प्लान होते हैं जिसमें योजनाओं को लेकर होनेवाले काम की जानकारी होती है।
