मुजफ्फरपुर : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के भेजे प्रश्नपत्र और ओएमआर शीट पर कक्षा नौवीं के बच्चों की वार्षिक परीक्षा ली जाएगी। बोर्ड ने इस संबंध में सभी हाईस्कूलों के एचएम को निर्देश जारी किया है।
कक्षा नौवीं के बच्चों के लिए वार्षिक परीक्षा की तिथि भी निर्धारित कर दी गई है। बोर्ड ने निर्देश दिया है कि 24 से 28 फरवरी तक वार्षिक परीक्षा बोर्ड की ओर से ली जाएगी। बोर्ड की ओर से प्रश्नपत्र व ओएमआर शीट उपलब्ध कराई जाएगी।
मैट्रिक की तर्ज पर नौवीं की परीक्षा ली जाएगी। परीक्षा की तैयारी को लेकर सात फरवरी तक का समय सभी हाईस्कूल के हेडमास्टर को दिया गया है। बोर्ड ने निर्देश दिया है कि यह एक तरफ से बोर्ड परीक्षा का अभ्यास होगा।
ऐसे में सभी स्कूल प्रभारी प्रश्नपत्र की गोपनीयता का ध्यान रखेंगे। परीक्षा की तिथि से दो दिन पूर्व हेडमास्टरों को प्रश्नपत्र और ओएमआर शीट उपलब्ध कराया जाएगा।
बोर्ड ने निर्देश दिया है कि जिन विद्यार्थियों का पंजीयन हुआ है, वे ही वार्षिक परीक्षा में शामिल होंगे। दो पालियों में यह परीक्षा होगी। एक मार्च से प्रैक्टिकल परीक्षा कराई जाएगी। इसके साथ ही इस साल से बिहार बोर्ड में एक विषय के रूप में व्यवसायिक शिक्षा को शामिल किया है।
इसके लिए अलग-अलग कोर्स स्कूलों में दिए गए हैं। 2024 की बोर्ड परीक्षा में इन कोर्सों की भी परीक्षा होगी। बोर्ड ने निर्देश दिया है कि पंजीयन के आधार पर यह परीक्षा ली जाएगी।
वार्षिक परीक्षा का कार्यक्रम
-24 फरवरी को पहली पाली में विज्ञान और दूसरी पाली में गणित की परीक्षा
-25 फरवरी को पहली में सामाजिक विज्ञान और दूसरी में अंग्रेजी की परीक्षा
-27 फरवरी को पहली में मातृभाषा व दूसरी में द्वितीय भारतीय भाषा की परीक्षा
-28 फरवरी को पहली में एच्छिक विषय व दूसरी में व्यवसायिक की परीक्षा
