पटना : केंद्रीय बजट में की गई घोषणा के अनुसार राज्य के तीन मेडिकल कॉलेजों में नर्सिंग कॉलेज खुलेंगे। साल 2014 के बाद बिहार के तीन शहरों बेतिया, मधेपुरा और पूर्णिया में मेडिकल कॉलेज खुले हैं जहां अभी बीएससी नर्सिग की पढ़ाई नहीं हो रही है।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की घोषणा अगर जमीं पर उतरी तो इन तीनों मेडिकल कॉलेजों में बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई हो सकेगी। इसके साथ ही केंद्रीय वित्त मंत्री द्वारा संसद में पेश केंद्र सरकार के बजट में की गई घोषणा के मद्देनजर बिहार के चार शहरों में एयरपोर्ट चालू होने की उम्मीदें बढ़ी हैं।
वहीं, एक एक अन्य घोषणा के तहत बिहार के सात जिलों के 1517 सीमावर्ती गांवों में पर्यटकीय सुविधाओं का विकास होगा। वहीं, पटना से हावड़ा के लिये वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने का एलान भी हुआ है। वर्ष 2014 के बाद बिहार के पावापुरी में भी मेडिकल कॉलेज खुले हैं।
लेकिन यहां बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई अभी जारी है। इसलिए बजट की घोषणा मात्र तीन शहरों में खुले मेडिकल कॉलेज पर ही लागू होंगे। इन तीन कॉलेजों में से प्रत्येक में कम से कम 100-100 सीटों पर पढ़ाई होगी।
वैसे केंद्र सरकार चाहे तो इससे भी अधिक सीटों पर नामांकन की स्वीकृति दे सकती है। बजट में प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना आयुष्मान के आवंटन को 6427 करोड़ से बढ़ाकर 7200 करोड़ कर दिया है। आयुष्मान योजना के दायरे में राज्य के एक करोड़ आठ लाख परिवार आते हैं।


