मुजफ्फरपुर: भगवानपुर से मैनेजमेंट कॉलेज की छात्रा के अपहरण में आईजी ने पुलिस कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी है। हालांकि, छह जनवरी से ही आईजी का पत्र भटक रहा है। अब आईजी ने सख्ती बरतते हुए नौ फरवरी को हर हाल में कार्रवाई की रिपोर्ट देने का निर्देश एसएसपी कार्यालय को भेजा है।

बीबीगंज इलाके की छात्रा बीते 12 दिसंबर से ही गायब है। वह कॉलेज जाने के लिए निकली थी, लेकिन शाम तक घर नहीं लौटी। उसके नाना ने सदर थाने में नातिन के गायब होने की शिकायत की। चार दिनों तक परिजन छात्रा की तलाश करते रहे, लेकिन वह न मिली।
नाना के आवेदन पर सदर थाने में 1 दिसंबर को एफआईआर दर्ज की गई। कांड अनुसंधान की जिम्मेवारी दारोगा संवेदना स्नेही को दी गई। छात्रा मूल रूप से लखीसराय जिले की रहने वाली है। वह एमबीए की पढ़ाई कर रही है। उसके पिता ने डीजीपी से मिलकर बेटी का सुराग लगाने की गुहार लगाई थी। इसपर डीजीपी ने बीते छह जनवरी को आईजी को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया था।




