बांका: बांका जिले के शहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत लखनौरी गांव स्थित नदी में स्नान करने के क्रम में चार बच्चे डूब गए। इनमें से एक बच्चे का शव बरामद किया गया है। मृत बच्चे की पहचान ऋषव मिश्रा के रुप में हुई है। वहीं तीन बच्चे अब भी लापता है।ग्रामीण लापता बच्चों की खोज में जुटे हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सभी बच्चे नदी में स्नान कर रहे थे। तभी अधिक पानी में जाने से एक-एक कर चारों बच्चे डूब गए। फिलहाल ग्रामीणों की भीड़ लगी हुई है। बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ट्रक ने धोरैया के बाइक सवार को रौंदा, मौत
भागलपुर-हंसडीहा मुख्य मार्ग धौनी होटल के पास सोमवार की देर रात तेज रफ्तार की ट्रक के चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई। शव की पहचान धोरैया थाना क्षेत्र के कुसमी गांव निवासी सियाराम सिंह के रुप में हुई है। शव का पोस्टमार्टम बांका सदर अस्पताल में कराया गया है। जानकारी के अनुसार मृतक अपनी बाइक से घर लौट रहा था। इसी क्रम में बौंसी की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को रौंद दिया। जिसके बाद घटनास्थल पर ही सियाराम सिंह की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह पुलिस दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचा। इस दौरान तब तक टक्कर मारने के बाद ट्रक मौके से फरार हो चुका था। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया। घटना की सूचना मृतक के स्वजनों को मिलते ही स्वजनो में कोहराम मच गया। उक्त घटना को लेकर कुसमी गांव में मातम पसरा हुआ है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव को स्वजनों को सौंप दिया गया है।



