पटना : थानाक्षेत्र के नदौल रेलवे गुमटी के समीप मंगलवार की शाम कोचिंग से घर लौट रही छात्रा के साथ छेड़खानी करने का विरोध करने पर आरोपितों ने अगले दिन उसके चचेरे भाई को पकड़कर पिटाई की और फिर ट्रेन से बाहर फेंक दिया।
इन लोगों के खिलाफ दर्ज हुई नामजद प्राथमिकी
युवक को जहानाबाद सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद पीएमसीएच रेफर कर दिया गया था। इस संबंध में जख्मी के चाचा ने तिनेरी मठ के गुड्डू कुमार, अनिकेत कुमार, रंजित कुमार, बिट्टू कुमार, चंदन कुमार, मंटू कुमार, सकलदेव उर्फ़ सुरेश यादव, मुच्छु कुमार, कुंदन कुमार, गोपालपुर के बिट्टू कुमार व दीपू कुमार के खिलाफ गुरुवार को मसौढ़ी थाने में नामजद प्राथमिकी कराई है।
कोचिंग से लौट रही थी छात्रा
आरोप है कि बीते मंगलवार की शाम मसौढ़ी से कोचिंग कर अपने घर लौट रही छात्रा के साथ नदौल रेलवे गुमटी के पास आरोपितों ने छेड़खानी की। विरोध करने पर आरोपितों ने उसे उठा ले जाने की धमकी दी व जाति सूचक शब्द का इस्तेमाल कर गाली-गलौज की।बुधवार की दोपहर छात्रा के भाई को मसौढ़ी कोचिंग से घर लौटने के दौरान आरोपितों ने तारेगना रेलवे गुमटी के पास पकड़ लिया और उसकी पिटाई करने लगे।
पीछा करते हुए ट्रेन में भी आ गए आरोपी
वह किसी तरह भागकर नदौल जाने वाली ट्रेन में सवार हो गया, लेकिन पीछे से आरोपित भी वहां आ धमके और उन्होंने उसे नदौल स्टेशन पर ट्रेन रुकने के बाद भी उतरने नहीं दिया और उसकी पिटाई करनी शुरू कर दी। अधमरा कर ट्रेन के जहानाबाद पहुंचने पर बोगी से बाहर फेंक फरार हो गए। इधर, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।



