प्रकाश सिंह बादल के निधन पर बिहार में दो दिनों का राजकीय शोक घोषित

पटना: शिरोमणी अकाली दल के संरक्षक और पंजाब के पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल के निधन पर बिहार में दो दिनों का राजकीय शोक घोषित किया गया है. वहीं सीएम नीतीश ने मंगलवार को ही शोक संवेदना व्यक्त की थी. मुख्यमंत्री ने अपनी शोक संवेदना में कहा था कि पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता अपने लंबे राजनीतिक सफर में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया. प्रकाश सिंह बादल के निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है.

बिहार में दो दिनों का राजकीय शोक घोषित 

पंजाब के पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल का मंगलवार को मोहाली के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया. सीएम नीतीश ने संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि प्रकाश सिंह बादल राजनीति में अपनी शुचिता के लिए जाने जाते थे. उनसे मेरा गहरा लगाव था. पटना में आयोजित प्रकाश पर्व के दौरान भी उनसे मेरी मुलाकात हुई थी.उनके निधन से मैं व्यक्तिगत रूप से मर्माहत हूं. प्रकाश सिंह बादल से बहुत ही बेहतर संबंध थे. आज बिहार सरकार की ओर से दो दिवसीय राजकीय शोक घोषित कर दिया गया है. सरकारी भवनों और कार्यालयों के झंडे को आधा झुका दिया जाएगा.

मंत्रिमंडल सचिवालय की ओर से जारी अधिसूचना

प्रकाश सिंह बादल के निधन पर अधिसूचना जारी की गई है. इसमें कहा गया है कि निदेशानुसार सूचित करना है कि प्राप्त सूचनानुसार पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री श्री प्रकाश सिंह बादल का निधन दिनांक 25 अप्रैल 2023 को हो गया है. उनके निधन पर राज्य सरकार द्वारा दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री स्व. प्रकाश सिंह बादल के सम्मान में दिनांक 26 एवं 27 अप्रैल 2023 को राजकीय शोक मनाने का निर्णय लिया गया है. उक्त अवधि में पूरे राज्य में उन सभी भवनों, जिन पर नियमित रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाता है, राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा. इस अवधि में राजकीय समारोह / सरकारी मनोरंजन के कार्यक्रम आयोजित नहीं होंगे.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.