बक्सर: बुधवार की अल सुबह अनुमंडल अंतर्गत नावानगर थाना क्षेत्र के आथर गांव में सगे भाई ने ही शिक्षिका की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। हत्या की जानकारी मिलते ही डुमरांव डीएसपी अफाक अंसारी आथर गांव में पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। इधर, घटना को अंजाम देकर आरोपी युवक फरार है।

मृतक शिक्षिका की पहचान पिता भोंदू यादव की पुत्री कविता कुमारी के तौर पर हुई। कविता चौगाईं प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय आमसारी में प्रधान शिक्षिका के तौर पर कार्यरत थी। सगी बहन की गोली मारकर हत्या करने वाला भाई मालिक यादव इसके पहले भी चर्चित सेवानिवृत्त शिक्षक और मुकुंदडेरा निवासी विश्वनाथ यादव की हत्या के मामले में आरोपी है।इसके अलावा, आर्म्स एक्ट, हत्या, लूट और रंगदारी जैसे कई संगीन मामलों में भी जेल जा चुका है। यही बहन एक वक्त पर आरोपी भाई की सबसे बड़ी मददगार हुआ करती थी। जानकार सूत्रों ने बताया कि शिक्षिका कविता कुमारी कुछ दिनों से अपने मायके में ही रह रही थीं। मुख्य सड़क के किनारे किसी जमीन में से अपने अपराधी भाई से हिस्सेदारी मांग रही थी।
जमीन में हिस्सेदारी की मांग को लेकर पिछले कई महीने से दोनों के बीच तनातनी चल रही थी। जिस जमीन में कविता हिस्सा मांग रही थी, हाल में उसी जमीन पर उसने मकान निर्माण कार्य शुरू करवा दिया था। इसको लेकर शिक्षिका के भाई मालिक यादव ने रोक-टोक की और नहीं मानने पर गोली मारकर हत्या कर दी।
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ के साथ वासुदेवा ओपी और नावानगर थाने की पुलिस घटनास्थल पर कैंप कर रही है। समाचार लिखे जाने तक आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी। फिलहाल, इस घटना को लेकर आथर गांव में तनाव का माहौल है।