‘भीख नहीं मिली तो बहुत मारेगा भैया’, पैसे नहीं लाने पर खाना नहीं देता….

पटना: बच्ची खेल रही थी। अचानक एक युवक आते ही थप्पड़ जड़ते हुए भद्दी भद्दी गालियां देता है। बच्ची की आंखों से आंसू टपकने लगते हैं, पर डर से वह रो भी नहीं पा रही। सोमवार को करीब ढाई बजे दिन में पटना जंक्शन परिसर स्थित महावीर मंदिर के पीछे का यह दृश्य है, जहां कुछ बच्चे खेल रहे थे। उस युवक ने उनमें सबसे बड़ी लड़की को तमाचा जड़ते हुए कहा, ‘एतना गड़िया चल गेलै, आ तू सब खेलित हे।’ इतनी गाड़ियां चली गईं और तुम लोग यहां खेल में मस्त हो। मतलब साफ था कि चिलचिलाती धूप में उन्हें भीख मांगने को लगाया गया था, पर वे बच्चे वहीं छांव की तलाश कर खेल रहे थे।

bihar know the history of famous mahavir temple of patna : बैलगाड़ी से चंदे  की ईंट से बनाया गया था पटना महावीर मंदिरऐसे दर्जन भर बच्चे जंक्शन परिसर से लेकर मुख्य सड़क तक मंडराते रहते हैं। उन बच्चों में उस युवक का खौफ साफ दिख रहा था। मार पड़ने के बाद वह बच्ची आंखों में आंसू भरकर अन्य तीन बच्चों के साथ भीख मांगने एक कार के पीछे लग गई। कार का दरवाजा खटखटा कर कुछ पैसे की विनती कर रही थी। महावीर मंदिर के मुख्य द्वार के पास एक अन्य बच्ची के साथ महिला भी थी। बच्ची को कार वाले ने दस रुपये दिए तो उसने आकर महिला को थमा दिया। उन बच्चों से जानने का प्रयास किया गया कि उनसे यह सब कौन करवा रहा है तो वे सहम गए। बहुत कुरेदने पर एक बच्चे ने सहमते हुए बताया कि वह दिन भर भीख मांगकर सारे पैसे भैया को देता है।
वह भैया कौन है? यह पूछने पर बच्चे ने चुप्पी साध ली। उसकी आंखों से लग रहा था कि या तो वह भय से बताना नहीं चाहता या उसे उसके बारे में पूरी जानकारी नहीं। इतना स्पष्ट हो गया कि इन सबका बास कोई भैया है, जिसे भीख मांगकर पैसे देना है। यदि कमाई नहीं हुई तो मार का डर। वह बच्ची यही सोचकर रो रही थी कि पैसे नहीं मिले तो फिर मार पड़ेगी। जिस बच्चे ने भैया के बारे में बताया, उसकी उम्र सात-आठ साल की रही होगी। उसे नोटों का अंतर तक नहीं पता था। उसने बताया कि भैया ही उसे और उसके जैसे अन्य पांच बच्चों को खाना-पानी देता है। वह कहां का रहनेवाला है, यह भी नहीं पता। वह केवल भैया को जानता है। उसने रोते हुए बताया कि ‘बीमारी आएल हलई, ओही समय से हियां भीख मंगते हई।’ बीमारी हुई थी, उसी समय से भीख मांग रहे हैं।
एक बच्चे ने बताया कि तबीयत खराब होने पर भी भैया उनलोगों को यहां भेजता है। जो नहीं आना चाहता, उसे खाना नहीं देता है और मारता भी है। उसे बातें करते देख दो-तीन और बच्चे आ गए। वे पूछने लगे कि क्या हुआ? जो बच्चा भैया के बारे में बता रहा था, उससे कहा कि ‘भैया देख लेतउ त मार के पटरा कर देतउ।’ मतलब यह कि भैया ने देख लिया तो मार मार के ठीक कर देगा। साफ हो चुका था कि भीख नहीं मांगने पर उन बच्चों की पिटाई भी होती है। उसकी बातें सुन वह बच्चा वहां से खिसक गया। जेपीओ गोलंबर से आर ब्लाक तक ओवरब्रिज के नीचे तक इन बच्चों को कितना भी डांटें-फटकारें, उन पर असर नहीं पड़ता। कई बच्चे तो शरीर से चिपक जाते हैं। उन्हें मार का डर है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading