सीवान : बिहार में चार दिन से लापता एक किशोर का शव उसी के पुराने और पुस्तैनी खंडहर से बरामद हुआ है। कमरा बाहर से बंद किया हुआ था इस वजह से कई तरह की अटकलें लगाईं जा रही हैं। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। मामला सीवान जिले के लकड़ी नबीगंज थाना क्षेत्र का है।
सोशल मीडिया पर भी मांगी थी सहायता
घटना के संबंध में परिजनों का कहना है कि बरौली गांव के पांडे टोला निवासी गोलू पांडे का पुत्र छोटू कुमार (13) 13 जून से घर से किसी काम से निकला, लेकिन जब वह शाम में वापस घर नहीं लौटा तब घर वालों ने उसकी खोजबीन शुरू कर दी। उसका फोटो सोशल मीडिया पर भी डाला और मदद की गुहार लगाई लेकिन इसके बावजूद उसका कहीं कुछ अता पता नहीं चल पाया।

तेज दुर्गन्ध से लोग खंडहर पर पहुंचे
इसी बीच गोलू पांडे के पुराने खंडहर के आसपास से गुजरने के दौरान किसी ने तेज दुर्गन्ध महसूस की। इस बात की सूचना मिलने पर जब ग्रामीण उधर गए तो खंडहर के एक कमरे से तेज दुर्गन्ध आ रही थी जिसके दरवाजे पर एक ताला जड़ा हुआ था। ग्रामीणों को समझते देर नहीं लगी और तुरंत लोगों ने उस कमरे का ताला तोड़ दिया।

बाहर से था ताला बंद, अंदर शव रस्सी से झूल रहा था
ताला टूटते ही जैसे ही लोग कमरे के अन्दर घुसे, वहां छोटू कुमार का शव रस्सी के फंदे से लटका हुआ था। सारे लोग देख कर घबरा गए। छोटू कुमार जिस रूम के अंदर से शव बरामद किया गया है उसका ताला बाहर से बंद था। तमाम तरह के कयास लगाए जा रहे हैं कि किसी ने साजिश के तहत हत्या कर दी है। फ़िलहाल परिवार वालो का रो रो कर बुरा हाल है।
क्या कहती है पुलिस
परिजनों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सीवान सदर अस्पताल भेज दिया।
इस पूरे मामले पर लकड़ी नवीगंज थाना प्रभारी का कहना है कि 4 दिन से लापता 13 वर्षीय किशोर का शव उसके पुराने और पुस्तैनी खंडहर से बरामद हुआ है। पोस्टमार्टम के बाद कई बातें सामने आएंगी, फिलहाल सभी एंगल से जांच किया जा रहा है।
