पटना: पटना के पत्रकार नगर थानांतर्गत पुराने बाइपास पर राजेंद्र नगर टर्मिनल के सामने रविवार की दोपहर होटल की चारदीवारी पर लगे कंटीले तार में करंट आने से युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान डाक्टर्स कालोनी रोड नंबर 14 में रहने वाले रत्नेश पासवान के रूप में हुई है। बताया जाता है कि रविवार की दोपहर पटना में तेज आंधी में रत्नेश की टी-शर्ट उड़ कर सड़क पर स्थित एक होटल की चारदीवारी के ऊपर बिछे लोहे के कंटीले तार पर चली गई। होटल मालिक ने उस पर बिजली दौड़ती तार लगा रखा था कि कोई चारदीवारी पार कर अंदर दाखिल न हो जाए। रत्नेश ने जैसे ही टी-शर्ट निकालने के लिए कटीले तार को पकड़ कि वह करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
स्थानीय लोगों की सूचना पर तुरंत विद्युत प्रवाह ठप कर दी गई। लोगों को लगा कि बिजली विभाग की लापरवाही से मौत हुई है, जिसके बाद वे मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर उतर गए। सूचना मिलते ही पत्रकार नगर और कंकड़बाग थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। घटना से आक्रोशित लोगों ने करीब तीन घंटे तक सड़क पर प्रदर्शन किया। इस दौरान वाहनों का आवागमन रोक दिया गया, जिससे करबिगहिया मोड़ से शीतला माता मंदिर तक जाम लग गया। विद्युत विभाग के अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंच कर छानबीन की तो मालूम हुआ कि होटल संचालक ने कंटीले तार में करंट लगा रखा था।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाया कि ऐसा करना कानूनन अपराध है और होटल संचालक के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। आश्वासन मिलने के बाद लोगों ने जाम हटाया। तब वाहनों का आवागमन शुरू हुआ। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पत्रकार नगर के प्रभारी थानेदार ने बताया कि होटल संचालक के विरुद्ध लिखित शिकायत मिली है। प्राथमिकी कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


