भागलपुर : राजमिस्त्री को बिजली के खंभे में बांधकर पिटाई करने के मामले में वार्ड 48 की पार्षद कुमारी कल्पना और उनके पुत्र मुकेश को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य नामजद आरोपित पार्षद पति वीरेंद्र मंडल व पार्षद प्रतिनिधि सिकंदर की तलाश की जा रही है। 10 अज्ञात आरोपितों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।रविवार को भारी सुरक्षा बलों के साथ पहुंची पुलिस वार्ड पार्षद को घसीटते हुए अपने साथ ले गई। थाना में वार्ड पार्षद की तबीयत बिगड़ गई। पुलिस हिरासत में उन्हें जेएलएनएमसीएच में भर्ती कराया गया है। पार्षद को गिरफ्तारी से स्थानीय लोग भड़क उठे। महिलाओं ने वरीय पुलिस अधीक्षक के कार्यालय का घेराव कर दिया। स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।
पति-पत्नी और प्रेमी को लेकर है विवाददरअसल, पूरा मामला पति-पत्नी और प्रेमी से जुड़ा है। पुलिस ने बताया कि कमल की पत्नी अपने देवर छोटू से प्यार करती थी। कमल को इस बात की जानकारी मिली तो वह वार्ड पार्षद के पास गया। पार्षद ने निर्णय सुनाया कि जब कमल की पत्नी उसके साथ रहना नहीं चाहती तो वह उसे छोड़कर प्रेमी के साथ घर बसा ले। साथ ही यह भी कहा कि कमल की पत्नी अपने प्रेमी के साथ उसी मकान के निचले कमरे में रहेगी। यह बात कमल को नागवारा गुजरी और उसने इसका विरोध किया। कमल की पत्नी अपने प्रेमी व चार बच्चों के साथ अलग हो गई। एक बच्चा कमल ताती के साथ है।
वार्ड पार्षद ने पोल से बांधकर पिटवाया
दो दिन पहले कमल अपनी पत्नी को गाली-गलौज कर रहा था। गुस्से में वार्ड पार्षद को भी गाली देने लगा, जिसका कमल की पत्नी ने वीडियो बना लिया और पार्षद को शेयर कर दिया। शनिवार को गाली-गलौज करने के आरोप में पार्षद के कहने पर राजमिस्त्री कमल तांती को पोल से बांधकर पिटाई कर दी गई थी। इस दौरान जाति सूचक शब्दों का भी प्रयोग किया गया था। पीड़ित ने मामले की शिकायत इशाकचक थाने में की।
वार्ड पार्षद और बेटा सहित 10 लोगों पर केस
पार्षद कुमारी कल्पना, उसके पति, पुत्र और पार्षद प्रतिनिधि को नामजद करते हुए 10 अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिक दर्ज कराई। घटना की वीडियो भी पुलिस को सौंपी गई। पुलिस ने रविवार को पार्षद और उसके पुत्र को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक कमल तांती की इस कदर पिटाई की गई थी कि उसे अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था। प्राथमिकी में पार्षद के इशारे पर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया गया है। हालांकि, वीडियो में घटनास्थल पर पार्षद नजर नहीं आ रही हैं। पार्षद प्रतिनिधि सिकंदर घटनास्थल पर मौजूद था। इधर, वार्ड पार्षद संजय सिन्हा सहित कई लोग मायागंज में इलाजरत पार्षद का हाल जानने पहुंचे। पार्षद एकता मंच ने कहा कि पार्षद को इस तरह गिरफ्तार कर ले जाना ऊचित नहीं है।
वार्ड पार्षद ने पुलिस के सामने किया कबूलनामा
मामले को लेकर इशाकचक थानाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने कहा कि बिजली खंभे में बांधकर राजमिस्त्री की पिटाई करने के मामले में आरोपित वार्ड पार्षद कल्पना व उनके पुत्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। कुमारी कल्पना ने गाली-गलौज करने पर कमल तांती की पिटाई करवाने की बात पुलिस के सामने स्वीकार की है।
