पटना : सूबे समेत देशभर के 10 राज्यों से युवा कलाकारों का जुटान राजधानी पटना में होने वाला है. केन्द्रीय संगीत नाट्य अकादमी दिल्ली द्वारा देश की आजादी के 75वें वर्ष पर पटना के प्रेमचंद रंगशाला में 25 से 27 जुलाई तक तीन दिवसीय अमृत युवा कलोत्सव का आयोजन किया जा रहा है. इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से तकरीबन 200 कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे. इसमें बिहार, तमिलनाडू, कर्नाटक, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, हरियाणा, मध्य प्रदेश के साथ पड़ोसी राज्य झारखंड तथा उत्तर प्रदेश और दिल्ली के युवा कलाकार सम्मिलित होंगे.गौरतलब है कि संगीत नाट्य अकादमी की ओर से पटना में आयोजित कलोत्सव का यह 19वां आयोजन होगा.
कला संस्कृति युवा विभाग बिहार, पटना नगर निगम तथा बाल भवन किलकारी के सहयोग से यह आयोजन किया जा रहा है.मंगलवार (25 जुलाई) को शाम 06 बजे पटना की महापौर सीता साहू और संगीत नाट्य अकादमी की अध्यक्ष डॉ. संध्या पुरेचा व उपाध्यक्ष जोरावर सिंह जादव इस कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे.
नाट्य कार्यशाला में ले सकेंगेनिःशुल्कभाग
डॉ. संध्या पुरेचा ने बताया कि तीन दिन के इस कार्यक्रम में शाम 06बजे से बाल भवन किलकारी के प्रेक्षागृह में बिहार के उभरते नाटककारों के लिए नाट्य लेखन कार्यशाला आयोजित किया जाएगा. इसमें बतौर विशेषज्ञ असगर वजहात, अभिराम भडकमकर और देवाशीष मजूमदार की मौजूदगी रहेगी. इसके अलावा बुधवार (26 जुलाई) की सुबह 11 बजे से प्रेमचंद रंगशाला में कला समीक्षा कार्यशाला होगा, जिसमें पटना के विभिन्न संस्थानों के पत्रकारिता के विद्यार्थी शामिल होंगे. इसे बतौर विशेषज्ञ संजय उपाध्याय, विनोद अनुपम, विनय कुमार और विजय घाटे संबोधित करेंगे. बता दें कि तीनों दिन प्रेमचंद रंगशाला में संध्या 05 बजे से नुक्कड़ नाट्य की भी प्रस्तुति होगी. पहले दिन मंगलवार को शाम 05 बजे प्रेमचंद रंगशाला से दिनकर गोलम्बर तक कला जुलूस भी निकाला जाएगा.