बिहार : भारत गौरव यात्रा के तहत आईआरसीटीसी शिरडी समेत सात ज्योतिर्लिंगों का दर्शन कराने जा रही है। यह ट्रेन 27 सितंबर को कटिहार से चलेगी। इस संबंध में आाईआरसीटीसी के संयुक्त क्षेत्रीय प्रबंधक राजेश कुमार ने बताया कि इस ट्रेन में दो तरह की व्यवस्था की गई है। बजटीय यात्रा में स्लीपर क्लास से यात्रा होगी। इसके अलावा स्टैंडर्ड यात्रा में थ्री एसी क्लास से यात्रा होगी।
इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कारपोरेशन लिमिटेड (आईआरसीटीसी) भारत गौरव ट्रेन योजना के तहत कटिहार से वाया पाटलिपुत्र होकर विशेष ट्रेन चलाने जा रही है। यह ट्रेन 27 सितंबर को कटिहार से चलकर पूर्णिया कोर्ट, मधेपुरा, सहरसा, सुपौल, निर्मली, झंझारपुर, दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर जंक्शन, पटलिपुत्रा, आरा, बक्सर और डीडीयू स्टेशन पर तीर्थ यात्रियों को ट्रेन में सवार होने के लिए रुकेगी।
यह ट्रेन उज्जैन (श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग एवं श्री ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग), द्वारका (श्री नागेश्वर ज्योतिर्लिंग एवं श्री द्वारकाधीश मंदिर), सोमनाथ (श्री सोमनाथ ज्योतिर्लिंग), शिरडी (साईं बाबा दर्शन), श्री घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग एवं नासिक (श्री त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग एवं शनि शिंगनापुर मंदिर) का दर्शन कराते हुए 18 अक्टूबर को लौटेगी I इस दौरान इस ट्रेन से जाने वाले श्रद्धालुओं को शिरडी के साथ सात ज्योतिर्लिंगों का दर्शन कराया जाएगा। इस संबंध में आाईआरसीटीसी के संयुक्त क्षेत्रीय प्रबंधक राजेश कुमार ने बताया कि इस ट्रेन में दो तरह की व्यवस्था की गई है। बजटीय यात्रा में स्लीपर क्लास से यात्रा होगी। इसका किराया 19,980 रुपये प्रति व्यक्ति लिया जाएगाा।

थ्री एसी क्लास के लिए इतना देना होगा किराया
वहीं, स्टैंडर्ड यात्रा में थ्री एसी क्लास से यात्रा होगी, जिसका किराया 31,850 रुपये प्रति व्यक्ति है। श्रेणी के हिसाब से वातानुकूलित और गैर वातानुकूलित होटल में रात्रि विश्राम, शाकाहारी भोजन (सुबह, दोपहर और रात), सुबह शाम चाय, साथ ही प्रत्येक दिन दो बोतल पानी और घूमने के लिए श्रेणी के हिसाब से वातानुकूलित और गैर वातानुकूलित बस की व्यवस्था की जाएगी। कोच में सुरक्षा गार्ड, सफाईकर्मी और टूर एस्कार्ट उपलब्ध रहेंगे।