पटना : चंद्रायन-3 ने जैसे ही चंद्रमा की सतह को चूमा, राजधानी का गांधी मैदान वहां बैठे हजारों लोगों के भारत माता के जयकारे से गूंज उठा. झमाझम बारिश में भी लोगों ने इस ऐतिहासिक पल को बिना पलक झपकाए देखा. पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड की ओर से गांधी मैदान में विशालकाय स्क्रीन पर लैंडिंग का लाइव प्रसारण दिखाया गया. इसके साथ ही पूरे पटना में लगे बड़े-बड़े स्क्रीन पर भी लाइव लैंडिंग दिखाई गई. इस मौके पर गांधी मैदान में मौजूद लोगों ने कहा कि इस इतिहास को अपने अपनी आंखों के सामने बनता देख अद्भुत लग रहा है. भारत माता की जय आज पूरी दुनिया में हो रही है. पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड की जनसंपर्क अधिकारी प्रिया सौरभ ने बताया कि हमारी कोशिश थी कि इस ऐतिहासिक पल का गवाह पूरा पटना बने. इसके लिए कुल 15 मुख्य जगहों पर लगे वीएमडी पर लैंडिंग का लाइव प्रसारण किया गया.
गांधी मैदान में जुटे हजारों लोग
पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड की तरफ से गांधी मैदान में लैंडिंग का लाइव प्रसारण दिखाने का प्रबंध किया गया था. इसके लिए मेगा स्क्रीन लगाई गई थी. लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई थी. जैसे- जैसे चंद्रयान सतह के करीब आने लगा, लोगों की धड़कन तेज होने लगी. फिर जैसे ही सफल लैंडिंग हुई, लोग अपनी कुर्सी से उछल पड़े. भारत माता की जय के जयकारे से पूरा गांधी मैदान गूंज उठा. सिर्फ गांधी मैदान ही नहीं, पटना के 15 मुख्य जगहों पर लगे बड़े- बड़े स्क्रीन पर भी लैंडिंग का लाइव प्रसारण दिखाया गया. लोग सड़क पर अपनी गाड़ी रोक इस पल के गवाह बन रहे थे. पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड की जनसंपर्क अधिकारी प्रिया सौरभ ने बताया कि गांधी मैदान ने फिर से इतिहास रचा है. यहां हजारों लोगों ने सफल लैंडिंग को देखा.
इन जगहों पर हुआ प्रसारणपटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड के द्वारा गांधी मैदान के अलावा पटना जू, जेपी गोलंबर, कारगिल चौक, गंगा पथ, पटेल गोलंबर, एम्स, लोहिया पथ चक्र सहित 15 अलग-अलग जगहों पर लगे VMD के जरीए लैंडिंग की तस्वीरों को दिखाया गया. आपको बता दें कि भारत ने इतिहास रच दिया है, क्योंकि भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के महत्वाकांक्षी तीसरे चंद्र अभियान चंद्रयान-3 के विक्रम लैंडर ने बुधवार शाम को चंद्रमा की सतह को छू लिया. भारत यह उपलब्धि हासिल करने वाला चौथा देश और धरती के एकमात्र प्राकृतिक उपग्रह के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला पहला देश बन गया है, जो अब तक अनछुआ था.