पटना: पिछले कुछ दिनों से सूबे में मानसून मेहरबान है. इस कारण प्रदेश के अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश देखने को मिल रही है. पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने गुरुवार को भी 20 से अधिक जिलों में झमाझम बारिश के आसार जताए हैं. बता दें कि राज्य के 11 जिलों के लिए ऑरेंज, जबकि 12 जिलों के लिए विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. प्रदेश में अगले 03 दिन तक भारी बारिश की स्थिति बनी रहेगी. इसके बाद 27 अगस्त से मानसून की सक्रियता में कमी देखने को मिलेगी.
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक गुरुवार यानी आज प्रदेश के पश्चिम चंपारण, शिवहर, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, पूर्वी चंपारण, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, मधेपुरा और पूर्णिया जिले में कई जगहों पर वज्रपात के साथ तेज बारिश की आशंका है. इन जिलों के लिए Indian Metrological Department पटना द्वारा ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. खराब मौसम के दौरान लोगों से सावधान रहने की भी अपील की गई है. वहीं, अन्य सभी जिलों में वज्रपात का येलो अलर्ट है. इसके साथ ही गोपालगंज, सीवान, सारण, वैशाली, पटना, बेगूसराय, खगड़िया, भागलपुर, मुंगेर, बांका, अररिया और किशनगंज जिले में एक-दो जगहों पर भारी बारिश की चेतावनी दी गई है.

राजधानी पटना की बात करें तो मौसम विभाग ने तात्कालिक अलर्ट जारी कर गुरुवार को राजधानी पटना व इसके आसपास के क्षेत्रों में भी तेज बारिश की संभावना जताई है. बता दें कि पटना में बुधवार को भी अच्छी बारिश हुई थी. हालांकि, लगातार अच्छी बारिश की वजह से कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है. पटना सिटी, अजीमाबाद और बांकीपुर इलाके की गलियों में पानी भर गया है. वहीं, एनएमसीएच अस्पताल में भी बरसात होने से पानी घुस गया. इस कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.