पटना : सरकारी स्कूलों में कक्षा एक से आठ तक की अर्द्धवार्षिक परीक्षा 20 सितंबर से शुरू हो रही है। इस बार अर्द्धवार्षिक परीक्षा खास रहेगी।दरअसल, सभी स्कूलों के परिणाम के आधार पर समीक्षा की जाएगी। समीक्षा के बाद स्कूलों को ग्रेड दिए जाएंगे। जिला स्तर पर निर्णय लिया जाएगा कि बेहतर ग्रेड वाले स्कूलों को किस तरह की सुविधा दी जाए। इसके अलावा कक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों को अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी में सम्मानित किया जाएगा। बता दें कि इससे पहले केवल बच्चों की ग्रेडिंग की जाती थी।
डी एवं ई ग्रेड वाले वाले बच्चों पर विशेष ध्यान
पिछली वार्षिक परीक्षा में जिन बच्चों के डी और ई ग्रेड आए थे, उन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रयास है कि ये बच्चे अर्द्धवार्षिक परीक्षा में बेहतर ग्रेड प्राप्त कर सकें। बिहार शिक्षा परियोजना परिषद ने गर्मी की छुट्टियों में डी और ई ग्रेड लाने वाले बच्चों के लिए समर कैंप का आयोजन कराया था, ताकि वे परीक्षा की अतिरिक्त तैयारी कर सकें।
प्रश्नपत्र सह उत्तर पुस्तिका मुद्रण के लिए भेजी गई
कक्षा एक से आठ तक के बच्चों की अर्धवार्षिक परीक्षा 20 सितंबर से शुरू हो रही है। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। योग्य शिक्षकों को प्रश्न पत्र तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई है। तैयार प्रश्नपत्रों की समीक्षा के बाद प्रश्न सह उत्तर पुस्तिकाओं को मुद्रण के लिए भेज दिया गया है। इस बार भी बच्चों को ए, बी, सी, डी व ई ग्रेड प्रदान किए जाएंगे।स्कूल में अर्द्धवार्षिक परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा 26 सितंबर तक चलेगी।