बिहार : बिहार में दक्षिण-पश्चिम मानसून लगातार कमजोर हो रहा है. हालांकि अगले 24 घंटे में बिहार के कई भागों में हल्की वर्षा होने के आसार हैं. मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो बिहार में पिछले कुछ दिनों से झमाझम बारिश हो रही थी, लेकिन पिछले 2 दिनों से बारिश नहीं हो रही है. बदले मौसम में तेज धूप के कारण फिर से उमस बढ़ने लगी है. इस कारण मौसम विभाग को उम्मीद है कि इस बार भी हथिया नक्षत्र में मानसून की अच्छी बारिश प्रदेश में देखने को मिलेगी. जबकि लगातार बदलते हुए मौसम के कारण लोग मौसमी बीमारियों और वायरल से भी परेशान हैं.
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक सौरव कुमार के मुताबिक, 29 सितंबर तक भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, अरवल, पटना, गया, जहानाबाद, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, बक्सर और बेगूसराय के कुछ इलाकों में बारिश होगी. जबकि मुजफ्फरपुर समेत राज्य के बाकी हिस्सों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं, 2 अक्टूबर से मौसम पूरी तरह बदल जाएगा और उत्तर बिहार के कुछ हिस्सों के अलावा पटना समेत दक्षिण बिहार के ज्यादातर हिस्सों में झमाझम बारिश होगी. मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार बिहार के लोगों को दो से तीन दिन हल्की उमस झेलनी पड़ सकती है.
उत्तरी भाग में भी शुष्क रहेगा मौसम
मौसम वैज्ञानिक सौरव कुमार की मानें तो उत्तर बिहार में मौसम अब आमतौर पर शुष्क बना रहेगा. हालांकि इस दौरान आसमान में हल्के बादल देखे जा सकते हैं. वहीं, 30 सितंबर को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है. इस दौरान अधिकतम तापमान 29 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है. जबकि न्यूनतम तापमान 23 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद मौसम विभाग द्वारा जताई गई है.
