पटना : सूबे से औपचारिक तौर पर मॉनसून की विदाई हो चुकी है. इस बीच लोगों को ठंड का एहसास भी हो रहा है. जिसका असर सुबह और शाम में देखने को मिल रहा है. पटना मौसम विभाग के वरीय वैज्ञानिक आशीष कुमार ने बताया कि पूरे प्रदेश में अगले 3 दिन कोहरा छाए रहने का अलर्ट जारी किया है. जिससे रात और सुबह के वक्त वाहन चालकों को परेशानी का सामना भी करना पड़ सकता है. वहीं, राज्य में 20 अक्टूबर से तापमान में और गिरावट आने की भी संभावना है.

जानिए आज कैसा रहेगा मौसम
अगले 24 घंटे के दौरान राजधानी पटना समेत प्रदेश का मौसम शुष्क बना रहेगा. प्रदेश के अधिसंख्य भागों में सुबह के समय धुंध छाए रहने की संभावना है. वहीं, हिमालय की तलहटी वाले क्षेत्रों में हल्के से मध्यम दर्जे की धुंध छाए रहने का भी पूर्वानुमान है. बता दें कि मौसम विभाग के अनुसार 22 से 24 अक्टूबर के बीच मौसम साफ़ रहेगा. हालांकि, इस दौरान सुबह के समय धुंध रहने की उम्मीद है. पटना व इसके आसपास के इलाकों में लोगों को सुबह और शाम में हल्की ठंड का भी अहसास होगा.

कहां कितना रहेगा तापमान
राजधानी पटना समेत गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, जहानाबाद, लखीसराय में अधिकतम तापमान 29-31 डिग्री सेल्सियस के बीच व न्यूनतम तापमान 19-21 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का पूर्वानुमान है.वहीं, उत्तर पश्चिम भाग के पूर्वी व पश्चिम चंपारण, सीवान, सारण व गोपालगंज में हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा छाए रहने के साथ 28-30 डिग्री सेल्सियस के बीच अधिकतम तापमान रहने की संभावना है. बता दें कि बीते 24 घंटों के दौरान गोपालगंज में 5.5 मिमी व खगड़िया में 0.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई है.

कल कैसा रहा मौसम
कल पटना समेत शेष भागों का मौसम शुष्क बना रहा. बता दें कि बीते बुधवार को राजधानी पटना व इसके आसपास के इलाकों में सुबह के समय हल्का कोहरा छाए रहा. वहीं, धूप निकलने के बाद मौसम सामान्य बना गया. हालांकि, रात में ठंड का एहसास होने पर लोगों को चादर ओढ़ना पड़ा. वहीं, प्रदेश के 22 शहरों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई. जहां पटना अधिकतम तापमान 31.8 रिकॉर्ड किया गया. वहीं, गया का 30.9, भागलपुर का 33.4 और मुजफ्फरपुर 29 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.
आधिकारिक रूप से हुई मॉनसून की विदाई
राज्य से दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की विदाई मंगलवार को हो गई. मौसम विभाग के अनुसार 12 जून को राज्य में मॉनसून ने दस्तक दी थी. इसके बाद 25 जून को यह पूरे राज्य में फैल गया. 09 अक्टूबर से बिहार से मॉनसून की वापसी की शुरुआत हुई. और 17 अक्टूबर को यह पूरे राज्य से विदा हो गया. बताते चलें कि इस मॉनसून बिहार में सामान्य से 23 प्रतिशत कम बारिश हुई.
राज्य में सामान्य तौर पर 992.2 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन 760.5 मिमी बारिश ही हो पाई. मॉनसून की वापसी सामान्य से 08 दिन बाद हुई है.