बिहार : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा भारतीय जनता पार्टी को लेकर दिए बयान पर अब सियासत शुरू हो गई है। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने अब मुख्यमंत्री पर करारा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भारत के इतिहास में शायद ही इतना भ्रमित मुख्यमंत्री हुआ होगा। मुख्यमंत्री पूरी तरह से अपनी विश्वसनीयता खो चुके हैं।

चिराग पासवान ने कहा कि दो बार जनादेश का अपमान करने वाले मुख्यमंत्री पर बिहार की जनता क्यों भरोसा करेगी?यह जनादेश एनडीए के लिए था और वे महागठबंधन के साथ सरकार चला रहे हैं। जब आप वोट मांगने जाएंगे तो जनता आपसे नहीं पूछेगी क्या आप 5 साल तक आपका हाथ थामने वाले के साथ रहेंगे या बीच में अपना गठबंधन बदल देंगे।

भाजपा से दोस्ती को लेकर नीतीश ने दिया था बयान
मोतिहारी स्थित केंद्रीय विश्वविद्यालय के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राष्ट्रपति के सामने अपने संबोधन में भाजपा के नेताओं के तरफ इशारा करते हुए कहा था कि जब तक हम जीवित रहेंगे, हमारा-आपका संबंध रहेगा। उन्होंने कहा कि याद है न 2005। हमारी दोस्ती तब भी थी। अब भी है। जब तक हम जीवित रहेंगे हमारा-आपका संबंध रहेगा।