मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर के गुदरी रोड स्थित शनि मंदिर में शनिवार के दिन भगवान शनि के उपासकों के लम्बी भीड़ लगती है। इस मंदिर का इतिहास 121 साल पुराना रहा है। जहां लोग मन्नत पूरी हो जाने पर मंदिर में काला छाता चढ़ाते हैं।
वैसे तो भगवान शनि के उपासक यहां रोजाना आते हैं, लेकिन शनिवार को इस मंदिर में विशेष भीड़ होती है। इस मंदिर को लेकर लोगों की मान्यता है कि किसी भी प्रकार का शनि दोष और शनि ग्रह से घिरे हुए लोगों को यह मंदिर जीवनदान देता है।
मंदिर में आने वाले भक्त भगवान को काला तिल, तेल,काला चप्पल, लोहे का कील, लोहा का बर्तन और काला छाता चढ़ाते हैं। शनि भगवान को यह सब चीज चढ़ाने से दुख और कष्ट का निदान होता है और मनोकामना पूरी होती है। लोगों की मान्यता है कि इस मंदिर में पूजा-पाठ करने से उन्हें विशेष लाभ मिलता है। उनके जीवन में, व्यापार में सुख समृद्धि आती है।

