शिक्षक भर्ती परीक्षा में दूसरे चरण का परिणाम जारी, 11359 अभ्यर्थियों ने मारी बाज़ी

पटना: बीपीएससी ने शिक्षक भर्ती परीक्षा के दूसरे चरण का रिजल्ट जारी करना शुरू कर दिया है. सबसे पहले कक्षा 6 से 8 के लिए मैथ और साइंस विषय का रिजल्ट जारी हुआ है. इसमें कुल 11359 अभ्यर्थी सफल हुए हैं. मेरिट लिस्ट में सचिन कुमार मिश्रा पहले नंबर पर रहे हैं. इसके साथ ही 7 दिसंबर को आयोजित BC-EBC, WELFARE DEPT और SC-ST WELFARE DEPT के प्रधानाध्यापक पद के लिए कुल 38 उम्मीदवार सफल हुए हैं.

शिक्षक भर्ती परीक्षा के दूसरे चरण का रिजल्ट जारी

7 दिसंबर को आयोजित विद्यालय अध्यापक नियुक्ति प्रतियोगिता परीक्षा के आधार पर पिछड़ा वर्ग और अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के वर्ग 9-10 एवं अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के वर्ग 6-10 के लिए आयोग ने कुल 60 उम्मीदवारों को संगीत/कला विषय में सफल घोषित किया है. रिजल्ट आने की प्रक्रिया जारी है. अब तक आयोग की ओर से तीन रिजल्ट जारी किए गए हैं और कुल 90 रिजल्ट आने हैं. आयोग की मानें तो पिछले एक सप्ताह में सभी रिजल्ट जारी कर दिए जाएंगे. इस परीक्षा के लिए 8.41 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिसमें 7 लाख से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए.

25 दिसंबर से काउंसलिंग की तैयारी में शिक्षा विभाग

ऐसी संभावना बन रही है कि शिक्षा विभाग की ओर से ही 25 दिसंबर से शिक्षक अभ्यर्थियों के लिए काउंसलिंग की तैयारी शुरू कर दी जाएगी. शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव केके पाठक ने सभी जिलों के शिक्षा पदाधिकारियों को काउंसिलिंग की तैयारी पूरी करने का निर्देश दिया है. जिसको लेकर कंप्यूटर ऑपरेटर को प्रशिक्षण देने का कार्य आज शनिवार से किया जाएगा. जिला शिक्षा पदाधिकारी, सभी जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी के कार्यालय में पदस्थापित कंप्यूटर ऑपरेटर को आज से प्रशिक्षण दिया जाएगा.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.