दिल्ली में आज यानी शुक्रवार को जदयू के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की अहम बैठक समाप्त हो गई है। इस अहम बैठक में आज जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने मीटिंग में नीतीश कुमार के नाम का प्रस्ताव रखा है। अब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार खुद पार्टी की कमान संभाल सकते हैं।

तेजस्वी यादव ने दी प्रतिक्रिया
बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कहा कि अगर नीतीश कुमार अपनी पार्टी के अध्यक्ष बने हैं तो यह उनकी पार्टी का फैसला है। वह पहले भी जेडीयू के अध्यक्ष रह चुके हैं। वह अपनी पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं इसलिए अगर वह जदयू के अध्यक्ष बने हैं तो यह अच्छी बात है।
सम्राट चौधरी ने दिया ललन सिंह के इस्तीफे पर बयान
बिहार बीजेपी अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार एक प्राइवेट लिमिटेड पार्टी हैं। वहीं नीतीश कुमार के एनडीए में शामिल होने की बात पर सम्राट चौधरी ने कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है। इस पर कोई चर्चा नहीं चल रही है।
विजय चौधरी ने बताई इस्तीफे की वजह
जेडीयू नेता विजय चौधरी के मुताबिक ललन सिंह ने इस्तीफे की वजह भी बताई है। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव की सक्रियता को लेकर उन्होंने यह फैसला लिया है। ललन सिंह चुनाव में उतरना चाहते हैं। अध्यक्ष पद की वजह से वह काफी व्यस्त हो गए थे। वह मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग बहुत दिन से कर रहे थे।

केसी त्यागी ने बताई मीटिंग से जुड़ी अहम बातें
जेडीयू नेता केसी त्यागी ने कहा कि आज जेडीयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक होगी, जिसमें देश के मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य और वित्तीय माहौल पर चर्चा होगी और अन्य राज्यों के लिए सीट बंटवारे पर भी चर्चा होगी।
बैठक के अंदर की तस्वीर आई सामने
दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में जेडीयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के अंदर के दृश्य सामने आए हैं। बैठक में बिहार के सीएम नीतीश कुमार, जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन (ललन) सिंह और पार्टी के अन्य नेता शामिल हुए।