बिहार में खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए सरकार ने एक नए विभाग का गठन किया है। इस विभाग का नाम खेल विभाग होगा। नया विभाग कला संस्कृति एवं युवा एवं खेल विभाग से अलग कार्य करेगा। पूर्व में खेल विभाग कला संस्कृति एवं युवा एवं खेल विभाग के अंतर्गत आता था। मंत्रिमंडल सचिवालय ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। इससे पहले सोमवार को राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में खेल विभाग गठित करने का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया था। नवगठित खेल विभाग राज्य का 45वां विभाग होगा।

जारी अधिसूचना के मुताबिक खेल विभाग खिलाड़ियों के कल्याण के साथ ही खेलों के विकास से संबंधित सभी कार्य करेगा। यह विभाग बिहार में खेलों के विकास के लिए नई आधारभूत संरचनाओ का निर्माण करने के साथ ही पूर्व से गठित संरचनाओं की देखभाल भी करेगा।

खेलकूद के लिए विश्वविद्यालय के गठन के साथ खेलों के विकास में लगी संस्थाओं के निबंधन, विभाग के लिए कर्मियों की नियुक्ति नियोजन उनकी सेवा शर्तों का गठन भी खेल विभाग ही करेगा। सरकार ने अपनी अधिसूचना में स्पष्ट किया है कि नए गठित किए गए खेल विभाग के लिए भवन के साथ ही अन्य उपस्कर की आवश्यकताओं की पूर्ति भवन निर्माण विभाग करेगा।