झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के बाद राजद (RJD) के वरिष्ठ नेता और बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि भाजपा (BJP) ने तमाम जांच एजेंसियों (ED) को पार्टी का प्रकोष्ठ बनाकर छोड़ दिया है। सोरेन की गिरफ्तारी के बाद तेजस्वी ने इंटरनेट मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा – बिहार, चंडीगढ़ और अब झारखण्ड! भाजपा ने एक ही हफ्ते में लोकतंत्र और संघवाद को तार-तार कर दिया है। चुनावी हार के डर से जांच एजेंसियों की निष्पक्षता खत्म कर, एजेंसियों को बीजेपी का प्रकोष्ठ बनाकर, केंद्र सरकार क्या-क्या कर रही है ,अब यह बात किसी से छुपी नहीं है। अहंकार से चूर भाजपा की हेकड़ी अब जनता तोड़ेगी। राजद हेमंत सोरेन के साथ खड़ा है।

राजद ने किया दावा लालू और तेजस्वी की पहल पर हुई जाति गणना
बिहार में जाति आधारित गणना हो चुकी है और इसके नतीजे भी आ चुके हैं। लेकिन, बदले राजनीतिक माहौल में अब जाति आधारित गणना कराए जाने को लेकर दावे की राजनीति शुरू हो गई है। सबसे पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बयान देकर लोगों को हैरत में डाल दिया कि उनके दबाव में नीतीश कुमार ने जाति आधारित गणना कराई। राहुल के इस दावे का जवाब जदयू के वरिष्ठ नेता राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह ने दिया। ललन सिंह का बयान आने के बाद राजद ने दावा किया कि लालू प्रसाद और तेजस्वी यादव की पहल पर जाति आधारित गणना कराई गई और आरक्षण के दायरे को बढ़ाया गया। राजद के राष्ट्रीय प्रवक्ता व राज्यसभा सदस्य मनोज झा ने बुधवार को कहा कि जाति आधारित गणना की पहल लालू प्रसाद और तेजस्वी यादव ने की थी।

उसे राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस और डीएमके ने समर्थन देकर आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा कि सभी को पता है कि जाति आधारित गणना में पेंच फंसाने के लिए भाजपा ने किस-किस तरह के काम किए। तेजस्वी यादव के संकल्प के मुताबिक जाति आधारित गणना हुई और आंकड़े सामने आए। जिसके बाद उसी को आधार बनाकर आरक्षण का दायरा बढ़ाकर 75 प्रतिशत किया गया।