उत्तर भारत के पर्वतीय क्षेत्रों पर पश्चिम विक्षोभ का प्रभाव राजधानी समेत प्रदेश में बुधवार से देखने को मिलेगा। 21-23 फरवरी तक उत्तर बिहार के कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा की संभावना है। बुधवार को राजधानी में आंशिक बादल छाए रहने के साथ मेघ गर्जन के आसार है। वहीं, उत्तरी भागों के अधिसंख्य भागों में हल्की वर्षा, मेघ गर्जन व वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वी व पश्चिमी चंपारण में ओला वृष्टि की चेतावनी है।

इन जगहों पर आज होगी वर्षा
प्रदेश के गोपालगंज, सीवान, सारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, सुपौल, अररिया, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज में वर्षा के आसार है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार 23 फरवरी तक दक्षिण पूर्व व उत्तर पूर्व भागों के एक या दो स्थानों पर वर्षा के आसार हैं। वहीं, इसके बाद प्रदेश में बर्फीली हवा के कारण न्यूनतम तापमान में गिरावट आने के साथ ठंड में एक बार वृद्धि की संभावना है।

इतना रहा पटना का तापमान
मंगलवार को पटना सहित अधिसंख्य भागों के न्यूनतम तापमान में आंशिक वृद्धि दर्ज की गई। 10.5 डिग्री सेल्सियस के साथ किशनगंज में प्रदेश का न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं 2.4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि के साथ राजधानी का न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम में आने वाले बदलाव को देखते हुए किसान भाइयों को सलाह दी गई है। किसान भाई अपनी कटी फसलों को खुले स्थान पर रखने के बजाए सुरक्षित स्थान पर रखें। रबी फसलों को ओलावृष्टि से बचाने को लेकर एहतियात बरतें।
