बिजली विभाग के अजब-गजब कारनामों से उपभोक्ता परेशान हो गए हैं। स्मार्ट मीटर लगने के बाद जिले में डिफरमेंट चार्ज के नाम पर पैसा काटने का बड़ा खेल चल रहा है। चुनाव खत्म होने के अगले ही दिन से डिफरमेंट चार्ज के नाम पर पैसा कटने की बात लोगों की समझ में आने लगी है।

एक उपभोक्ता का कहना है कि महीने की चार से 10 तारीख तक बिजली बिल बनने के साथ डिफरमेंट चार्ज का पैसा कटने का मैसेज आ जाता था, लेकिन इस बार चुनाव खत्म होते ही डिफरमेंट चार्ज के नाम पर कटौती का मैसेज लोगों के मोबाइल पर आने लगा। उसके बाद बिजली कटने लगी। रिचार्ज भी सही से नहीं हो पा रहा है।

बुधवार को सैकड़ों उपभोक्ता रामदयालु, माड़ीपुर, कल्याणी बिजली कार्यालय शिकायत लेकर पहुंचे और कार्यालय में मौजूद कर्मियों को खरी-खोटी सुनाई। एक बिजली कर्मी ने बताया कि चुनाव बाद डिफरमेंट चार्ज कटने लगा है। हंगामा होने के चलते चुनाव के दौरान डिफरमेंट चार्ज नहीं काटा गया।


