पटना. बीएड प्रवेश परीक्षा का फॉर्म अगर आपने अभी तक नहीं भरा है तो जल्दी करें. क्योंकि, इसके आवेदन करने की अंतिम तिथि नजदीक आ गई है. बता दें कि बिहार बीएड सीईटी 2024 एग्जाम में भाग लेने की सोच रहे अभ्यर्थियों को 4 जून तक आवेदन शुल्क के साथ ही लेट फीस का भुगतान भी करना होगा. जो भी छात्र आवेदन के लिए इच्छुक हैं वे फटाफट अपने ऑनलाइन फॉर्म को भर लें. बता दें कि ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय की तरफ से बिहार बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन की विंडो को जल्द ही बंद कर दिया जाएगा.
इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट biharcetbed-lnmu.in. पर जाकर अपना आवेदन पत्र भरकर जमा कर सकते हैं. जान लें कि परीक्षा के लिए आवेदन केवल ऑनलाइन मोड में किया जा सकता है. अन्य किसी भी प्रकार से फॉर्म स्वीकार नहीं किए जाएंगे. उम्मीदवार आगामी 4 जून तक विलंब शुल्क के साथ, आवेदन पत्र भरकर जमा कर सकते हैं.
अंत में अभ्यर्थी शुल्क जमा करें और पूर्ण रूप से भरे हुए फॉर्म का एक प्रिंटआउट निकालकर सुरक्षित रख लें. बताते चलें कि जिन अभ्यर्थी से आवेदन पत्र भरने में त्रुटि हो गई है, वे लोग भी 4 जून तक इसमें सुधार कर सकते हैं. सुधार विंडो यूनिवर्सिटी की आधिकारिक वेबसाइट पर सक्रिय हो चुकी है. सुधार करने के लिए आपको वेबसाइट पर अपने लॉगिन डिटेल्स को दर्ज करना होगा.

25 जून को होगी परीक्षा
गौरतलब है कि बिहार बीएड सीईटी का आयोजन 25 जून को कराया जाएगा. इसके एडमिट कार्ड 17 जून को डाउनलोड के लिए इसकी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दिए जाएंगे. आवेदन करने वाले जनरल श्रेणी के उम्मीदवारों को 1000 रुपये, ईबीसी/बीसी/ईडब्ल्यूएस/महिला अभ्यर्थियों को 750 रुपये और एससी/ एसटी वर्ग के अभ्यर्थियों को 500 रुपये का आवेदन शुल्क जमा करना होगा. आवेदन फीस डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग माध्यम में जमा की जा सकती.

कौन दें सकते हैं परीक्षा?
बताते चलें कि बिहार बीएड प्रवेश परीक्षा में शामिल होने के लिए किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय/संस्थान से न्यूनतम 50 फीसदी अंकों के साथ ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए. इसके अलावा बीई/बीटेक वाले अभ्यर्थी स्नातक 55 प्रतिशत अंकों के साथ पास होने चाहिए.

नोट कर लें महत्वपूर्ण तिथियां
आवेदन की अंतिम तिथि (बिना विलंब शुल्क के) 28 मई 2024 तक. विलंब शुल्क के साथ आवेदन की तिथियां 29 मई से 04 जून 2024 तक. आवेदन में त्रुटि सुधार एवं शुल्क जमा करने की तिथियां 01 से 04 जून 2024 तक. एडमिट कार्ड जारी होने की तिथि 17 जून 2024. प्रवेश परीक्षा की तिथि 25 जून 2024.
