नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट यूजी 2024 का परिणाम मंगलवार को जारी कर दिया है। विद्यार्थी वेबसाइट exams.nta.ac.in/NEET/ पर जाकर अपना स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। एनटीए ने टापर्स की सूची भी जारी कर दी है।इनमें बिहार के चार छात्रों ने देश के 67 टापरों के साथ जगह बनाई है। मजीन मंसूर, तथागत अवतार, ऋतिक राज व अभिनव किशन को 99.997129 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए हैं। इस वर्ष एनटीए ने टाप 100 छात्रों की सूची जारी की है। इनमें आयुष कुमार को 73वीं रैंक, रावल जयंत सिंह को 89वीं रैंक मिली है।

पटना के केशव सौरव समदर्शी को आल इंडिया में 98वीं रैंक मिली है। उन्हें 720 में 715 अंक मिले हैं। पटना के ही मयंक कुमार को भी 715 अंक प्राप्त हुए हैं, लेकिन इनका आल इंडिया रैंक (एआइआर) 286 है। वहीं जहानाबाद के गौरव कुमार को 710 अंक (491 एआइआर) प्राप्त हुआ। बिहारशरीफ के शुभम को भी 710 अंक (510 एआइआर) प्राप्त हुआ है। वहीं, मधुबनी के शिवनंदन कुमार और पटना के रितुराज को 710 अंक प्राप्त हुए हैं।
इस बार कटऑफ काफी उपर
नीट में 715 अंक प्राप्त करने वाले एक छात्र को 98 व दूसरे छात्र को 286 रैंक मिली है। वहीं, 710 अंक प्राप्त करने वाले छात्र को 613वीं रैंक प्राप्त हुई है। इस बार छात्रों की संख्या बढ़ने के कारण कटआफ काफी उपर चला गया है। 640 अंक प्राप्त करने वालों को 32 हजार रैंक प्राप्त हुई है।










