पटना. बिहार में इन दिनों मौसम का हर रूप देखने को मिल रहा है. कुछ जिलों में बारिश हो रही है तो वहीं कुछ जिलों में लू भी चल रही है. जबकि लू के साथ उमस वाली गर्मी का भी प्रकोप जारी है. ऐसे में मॉनसून पर सबकी निगाहें टिकी हुई है. पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक कुणाल कौशिक मेटे ने बताया कि आज भी बिहार वासियों को उमस वाली गर्मी से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है. कुछ जिलों में बारिश जैसी स्थिति बनी हुई है लेकिन अधिकांश जिलों में गर्मी का अलग अलग रंग देखने को मिलने वाला है.

यह है आपके जिले का हाल
आज बिहार के सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, पूर्णिया, सहरसा, कटिहार, खगड़िया, भागलपुर, मुंगेर, बांका और जमुई में मेघगर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है. इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किमी प्रति घंटे रहने की संभावना है. येलो अलर्ट जारी किया गया है. भोजपुर, बक्सर, भभुआ, औरंगाबाद, रोहतास और अरवल में आज दोपहर के समय हीट वेव चलने की संभावना है. अन्य सभी जिलों में आंशिक बादल आते जाते रहेंगे और उमस वाली गर्मी लोगों को महसूस होगी. सभी जिलों में हॉट डे को अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान बिहार का अधिकतम तापमान 40 से 42°C के बीच रहने की संभावना है. लू और हॉट डे से बचने के लिए जरूरी उपाय कर लें.

मॉनसून अपडेट
वैज्ञानिक कुणाल कौशिक मेटे ने बताया कि अभी मॉनसून उत्तरी सीमा के पश्चिम बंगाल के इस्लामपुर तक पहुंच चुका है. बिहार में यह मॉनसून 10 से 15 जून के बीच प्रवेश करने की संभावना है.

कुछ ऐसा रहा 04 जून का मौसम
4 जून को मौसम कुछ इलाकों मे बेहद शुष्क रहा वहीं बिहार के उत्तरी और पूर्वी भागों में हल्की बारिश दर्ज की गई. इस दौरान बिहार का अधिकतम तापमान 43.8°C दर्ज किया गया. इसके अलावा कुल 09 जिलों का अधिकतम तापमान 40°C के उपर दर्ज़ किया गया. बिक्रमगंज में भीषण लू भी दर्ज किया गया. डेहरी के 43.8°C के अलावा औरंगाबाद में 43.7°C, अरवल में 43.3°C, बक्सर में 43.2°C और बिक्रमगंज में 43.1°C दर्ज किया गया.









