पटना. लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद बिहार से लेकर दिल्ली तक सियासी हलचल तेज हो गयी है. फिलहाल बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सरकारी आवास 1 अणे मार्ग के पास हलचल बढ़ गयी है. दिल्ली में होने वाली एनडीए की बैठक से पहले जेडीयू समेत एनडीए के अन्य नेता बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने पहुंचे हैं.

मिली जानकारी के अनुसार फिलहाल सीएम आवास पर ललन सिंह पहुंचे हैं. मुंगेर से जितने के बाद पहली बार मिलने पहुंचे हैं. दिल्ली जाने से पहले नीतीश कुमार अपनी पार्टी के आला और अहम नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं. जेडीयू राज्यसभा सांसद संजय झा भी सीएम नीतीश से मिलने मुख्यमंत्री आवास पहुंचे हैं. वहीं लोजपा रामविलास के प्रमुख चिराग पासवान भी एनडीए की बैठक के लिए दिल्ली जाने से पहले सीएम नीतीश कुमार से मिलने पहुंचे हैं.

इस बीच सबसे खास बात यह है कि नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव पटना से एक ही फ्लाइट पर सवार होकर दिल्ली जाने वाले हैं. मिली जानकारी के अनुसार नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव सुबह 10:40 बजे विस्तारा की फ्लाइट UK-718 से दिल्ली में NDA और INDIA गठबंधन की बैठक में शामिल होने जाएंगे. दरअसल लोकसभा चुनाव में परिणाम के बाद देश और बिहार की राजनीति में काफी प्रयास होने शुरू हो गए हैं. जिस तरह से चुनाव के परिणाम आए हैं और बहुमत को लेकर आंकड़ों में उलट फेर हुए हैं उसके बाद से बिहार से नीतीश कुमार की पूछ काफी बढ़ गई है.










