शिवहर: 3 महीने से वेतन नहीं मिलने से नाराज एंबुलेंस कर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गये हैं। जिससे शिवहर में स्वास्थ्य व्यवस्था चरमा गयी है। जिससे मरीज और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बिहार राज्य चिकित्सा कर्मचारी संघ (इंटक) 102 एंबुलेंस के कर्मियों ने एक बैठक कर सामूहिक रूप से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का फैसला लिया। इन सभी को 3 महीने से वेतन का भुगतान नहीं किया गया है। इसी बात को लेकर ये लोग नाराज हैं। गुरुवार से सभी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए।

इस दौरान रेफर होने वाले मरीजों का अब क्या होगा? एंबुलेंस कर्मियों के हड़ताल पर जाने से मरीज और उनके परिजन खासे परेशान हैं। एंबुलेंस कर्मियों ने इससे पूर्व सिविल सर्जन सह- सदस्य सचिव जिला स्वास्थ्य समिति को एक पत्र लिखकर अनुरोध किया था कि वेतन का शीघ्र भुगतान किया जाए लेकिन ऐसा नहीं किया गया। 102 एंबुलेंस संघ के जिलाध्यक्ष मोहम्मद शमीम ने बताया कि मार्च, अप्रैल और मई महीने का वेतन कंपनी ने अभी तक नहीं दिया है। जिसके कारण सभी कर्मियों का हाल बुरा है। इनके घरों में भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गयी है।











