बिहार में गर्मी व लू से लोग परेशान, मौसम विभाग ने मानसून को लेकर किया अलर्ट जारी

राजधानी समेत प्रदेश में बीते नौ दिनों से भीषण गर्मी व लू प्रभाव जारी है। भीषण लू के कारण लोगों के साथ पशु-पक्षियों का भी जीना मुहाल हो गया है। गर्मी व लू से राहत को लेकर मानसून का इंतजार करने वाले लोगों को चार से पांच दिन इंतजार करना होगा।पटना सहित दक्षिण भागों में अभी तीन से चार दिनों तक लू व गर्मी का सितम जारी रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून की उत्तरी सीमा बंगाल की खाड़ी स्थित इस्मालपुर में बीते 16 दिनों से कमजोर पड़ा है।

Bihar Weather Report Today: 06-04-2024 | आज आपके शहर में कैसा रहेगा मौसम का मिजाज, जानें अपडेट

पूर्णिया व किशनगंज के रास्ते प्रदेश में प्रवेश करने वाले मानसून को आने में पांच से छह दिनों का समय लगने की संभावना है। ऐसे में खासतौर पर राजधानी समेत दक्षिणी भागों में गर्मी व लू का प्रभाव जारी रहने की संभावना है। 19 जून की शाम से बादल छाए रहने के साथ 20 जून से ज्यादातर हिस्सों में गरज-चमक व तेज हवा के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा की संभावना है। वहीं, चार दिनों बाद मानसून की सक्रियता के प्रभाव से 20-22 जून के दौरान पटना सहित सभी जिलों में हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा का पुर्वानुमान है।

मानूसन आने में देर होने के कारण पश्चिमी हवा सहायक होती है। पश्चिमी हवा जब ज्यादा समय तक भारतीय क्षेत्र में रहती है तो दक्षिण पश्चिम मानसून की हवाओं को इन्हें काटना पड़ता है। इसमें समय लगने के कारण मानसून में देर होती है। बंगाल की खाड़ी में हवाओं का कम दबाव का क्षेत्र विकसित होने में चार से पांच दिनों का समय लगेगा। इसके बाद तेजी से मानसून को आगे बढ़ने के आसार हैं।

पटना समेत दक्षिणी भाग रहेंगे अभी गर्म

सोमवार को राजधानी समेत 18 जिले लू की चपेट में रहेंगे। इसमें दक्षिणी भागों के आठ जिले के बक्सर, भभुआ, रोहतास, गया, अरवल, भोजपुर, जहानाबाद, नवादा में भीषण लू को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, पटना समेत अन्य दक्षिणी भागों में गर्म दिन रहने के साथ लू के आसार हैं। उत्तरी भागों के पूर्वी व पश्चिम चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, मधेपुरा, कटिहार में गरज-तड़क के साथ कुछ स्थानों पर तेज हवा का प्रवाह होने व हल्की वर्षा का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बिहार से उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम होते हुए पूर्वी असम तक एक द्रोणिका का फैलाव बना हुआ है। इनके कारण उत्तरी भागों के अधिसंख्य भागों में मेघ गर्जन के साथ छिटपुट वर्षा के आसार जताए गए हैं।

राजधानी समेत प्रदेश में लू का कहर जारी

रविवार को पटना समेत 17 शहर लू की चपेट में रहे। पटना और मुंगेर में गर्म दिन रहने के साथ उष्ण लहर का प्रभाव बना रहा। जबकि, गया , छपरा, डेहरी, शेखपुरा, गोपालगंज, जमुई, बक्सर, भोजपुर, औरंगाबाद, वैशाली, नवादा, राजगीर, अरवल, बिक्रमगंज, मुंगेर व जीरादेई में भीषण उष्ण लहर का प्रभाव बना रहा। रविवार को पटना के अधिकतम तापमान में सामान्य से छह डिग्री वृद्धि के साथ 43.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि, 46.4 डिग्री सेल्सियस के साथ बक्सर प्रदेश में सबसे गर्म रहा। वहीं, उत्तरी भागों के किशनगंज जिले के ठाकुरगंज में सर्वाधिक वर्षा 72.8 मिमी, तैबपुर में 45.6 मिमी, अररिया में 43.0 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading