सनातन धर्म में हर पर्व और त्यौहार बड़े धूमधाम के साथ मनाया जाता है. हिंदू पंचांग के मुताबिक, सावन माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को प्रत्येक वर्ष हरियाली तीज का पर्व मनाया जाता है. यह पर्व भगवान शिव और माता पार्वती के दिव्य मिलन का प्रतीक माना जाता है. धार्मिक मान्यता के मुताबिक, हरियाली तीज के दिन सुहागिन महिलाएं अपने पति की लंबी आयु के लिए इस दिन व्रत रखती हैं. ऐसा कहा जाता है इस दिन व्रत रखने से सुख और सौभाग्य में भी वृद्धि होती है लेकिन, इस बार हरियाली तीज किस तारीख को है इसको लेकर लोगों में कंफ्यूजन है. आज हम आपको इस रिपोर्ट में बताते हैं कि कब रखा जाएगा हरियाली तीज का व्रत और क्या है पूजा का शुभ मुहूर्त.

पंचांग के मुताबिक सावन माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि की शुरुआत 6 अगस्त रात्रि 7:52 पर शुरू हो रहा है. इसका समापन 7 अगस्त रात्रि 10:00 बजे होगा. पंचांग के मुताबिक, हरियाली तीज का व्रत 7 अगस्त को रखा जाएगा .

हरियाली तीज की पूजा सुबह 6:00 से लेकर 9:00 के बीच सबसे अच्छा मुहूर्त माना जा रहा है. इसके बाद सुबह 10:30 से लेकर दोपहर 12:00 तक पूजा की जा सकती है. शाम के समय 4:30 से लेकर 6:00 के बीच पूजा का उत्तम समय माना जा रहा है.

कहा जाता है कि हरियाली तीज के दिन भगवान शंकर और माता पार्वती की विधि विधान पूर्वक पूजा आराधना करने से सुख और समृद्धि का आशीर्वाद मिलता है साथ ही जीवन में आ रही समस्याओं से भी मुक्ति मिलती है. करवा चौथ की तरह ही पति की लंबी आयु के लिए महिलाएं हरियाली तीज का व्रत रखती हैं.









