पटनाः बिहार में मानसून का आगमन हो चुका है. लेकिन फिलहाल कमजोर स्थिति में है. यही वजह है कि कहीं मूसलाधार बारिश हो रही है तो कहीं बिल्कुल शुष्क मौसम है. मौसम विभाग के मुताबिक मानसून अभी दो दिन और कमजोर रह सकता है. इस बीच शुक्रवार और शनिवार को राज्यभर में झमाझम बारिश होने की संभावना जताई गई है. साथ ही कई जगहों पर भारी बारिश होने की भी आशंका है. आईएमडी पटना ने ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है. कुछ जिलों में ठनका गिरने का भी पूर्वानुमान है. वहीं झारखंड में मौसम विभाग के मुताबिक 12 जुलाई को पूरे राज्य में अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है. ऐसी स्थिति आने वाले 2-3 दिन तक लगातार बनी रह सकती है.
वहीं राजधानी पटना के मौसम की बात करें तो पटना में मानसून एक बार फिर मेहरबान हो सकता है. बीते गुरुवार की शाम को राजधानी में मौसम सुहाना हो गया था. पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक राज्य के कुछ जिलों में अति भारी बारिश हो सकती है. पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने 12 जुलाई को बिहार के तीन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. बिहार के सुपौल, पूर्णिया और किशनगंज में अति भारी बारिश की संभावना जताई गई है.

12 जुलाई को पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, सहरसा, अररिया, मधेपुरा, खगड़िया, कटिहार, भागलपुर, मुंगेर, जमुई, बांका, बक्सर, भोजपुर, भभुआ, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल में भारी बारिश की संभावना है. झारखंड में मानसून आज पूरे राज्य में मेहरबान रहेगा. हर जिले में झमाझम बारिश देखने को मिलेगी. इस दौरान वज्रपात की भी आशंका है, जिसके लिए एहतियात बरतनी जरूरी है.



