पटना: राजद विधान पार्षद सुनील कुमार सिंह की सदस्यता समाप्त कर दी गयी. बजट सत्र के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मिमिक्री करने के मामले में आचार समिति ने दोषी पाया था. जिसके बाद सभापति अवधेश नारायण सिंह ने उनकी सदस्यता समाप्त किये जाने की घोषणा की. पूर्व मुख्यमंत्री सह विधान परिषद की नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी ने सुनील कुमार सिंह की सदस्यता खत्म होने पर नाराजगी जताई है.
सदन में नहीं बोलने दिया जाता
राबड़ी देवी ने कहा कि बिहार में तानाशाही सरकार है. माफिया सरकार है. गरीबों की सरकार आती है तो जंगल राज कहा जाता है. राबड़ी देवी ने मांग की कि वेल में कोई नहीं आ पाए, इसको लेकर कानून बनाया जाए. कोई तख्ती लेकर नहीं खड़ा होगा, ऐसा भी कानून बनाया जाए. उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि बोलने का मौका भी नहीं दिया जाता है. जनता जीता करके भेजी है, लेकिन बोलने नहीं दिया जाता है.

नीतीश पर साधा निशाना
राबड़ी देवी ने नीतीश कुमार के द्वारा सदन में दिये गये जनसंख्या नियंत्रण और महिला शिक्षा पर भी आपत्ति जताई. कहा, कि नीतीश कुमार पर भी कार्रवाई होनी चाहिए. राबड़ी देवी ने कि इतिहास में लिखा जाएगा कि बिहार की जनता के हक में सवाल उठाने में नारेबाजी करने पर कार्रवाई हो रही है. हम लोग बिहार की जनता की आवाज उठा रहे हैं.
क्या है मामला
13 फरवरी 2024 को सदन में राज्यपाल के अभिभाषण पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान सुनील सिंह ने विरोध जताते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मिमिक्री की और उनका मजाक उड़ाया था. इस मामले में जेडीयू एमएलसी भीष्म सहनी ने आचार समिति में शिकायत की थी. जिसके बाद विधान परिषद सदस्य रामबचन राय की अध्यक्षता में आचार समिति बनायी गयी. शुक्रवार को उन्होंने रिपोर्ट सौंप दी.





