दरभंगा: बिहार के दरभंगा के बेनीपुर में पेयजल संकट के चलते जदयू विधायक विनय कुमार चौधरी अपने ही सरकार के खिलाफ धरने पर बैठ गए. उनका कहना है कि समस्या भीषण हो चुकी है. कोई सुनवाई नहीं हुई है तो उन्हें पीएचईडी विभाग के कार्यपालक अभियंता के चेम्बर में जमीन पर बैठने को मजबूर होना पड़ा है. उन्होंने अधिकारियों पर सहयोग न करने का आरोप लगाया.
दरभंगा में जेडीयू विधायक का धरना
विधायक विनय चौधरी ने कहा कि बिहार में बारिश नहीं होने के कारण विधानसभा इलाके में पानी की भीषण समस्या है. उन्होंने कहा कि इसको लेकर शिकायत की गई पर कोई काम किया गया. ऐसे में विधायक ने पहले पीएचईडी विभाग के कार्यपालक अभियंता से पूरे विषय पर बात करने के लिए फोन पर समय लिया. जब विधायक विभाग के दफ्तर पहुंचे तो कार्यपालक अभियंता दफ्तर छोड़ फरार हो गए.
अधिकारियों के हाथ-पांव फूले
पीएचईडी विभाग में अधिकारी के नहीं होने से विधायक नाराज हो गये और विधायक उनके दफ्तर के भीतर जमीन पर बैठ गए. धरने पर बैठते ही विभाग के अधिकारियों के हाथ पैर फूल गये. आनन-फानन में विभाग के अधिकारी भी पहुंचे और वार्ता और आश्वासन के बाद विधायक ने अपना धरना समाप्त किए.

बेनीपुर में लंबे समय से पेयजल संकट
बता दें कि बेनीपुर विधानसभा इलाके के कई गांवों में लम्बे समय से पानी की समस्या बनी हुई है. इन दिनों भीषण गर्मी के कारण हालात और बद से बदतर हो गए हैं. जलस्तर नीचे चले जाने के कारण गांवों में लगे हैंडपंपों ने एक-एक कर अपना दम तोड़ दिया. जिससे लोगों को पीने के पानी के लिए तरसना पड़ रहा है. महिलाओं को खाना बनाने तक में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.





