बिहार के एमपी ने खोली रेलवे की पोल, कहा -‘आप दलाल से बोलिए तुरंत टिकट मिल जाएगा’

एमपी सुदामा प्रसाद आरा से माले सांसद सुदामा प्रसाद ने लोकसभा के बजट सत्र में रेलवे से जुड़े कई मुद्दों पर अपनी बात रखी। बुधवार को सदन को संबोधित करते हुए उन्होंने दावा किया कि ट्रेन में दलालों के जरिए आसानी से कंफर्म टिकट मिल जाता है। उन्होंने सदन में मांग की है कि रेलवे का अलग से बजट पेश किया जाना चाहिए। आरा सांसद सुदामा प्रसाद ने कहा कि अलग से रेलवे का बजट पेश नहीं होने से विभाग की महत्ता कम होती है। इसका महत्व घटता है। मेरी राय है कि आनेवाले दिनों में रेलवे का बजट अलग से सदन में पेश किया जाए।

पूंजीपतियों पर सुदामा प्रसाद का निशाना

माले सांसद सुदामा प्रसाद यहीं नहीं रुके। उन्होंने आगे कहा जो रेलवे का अंधाधुंध निजीकरण किया जा रहा है, इसपर रोक लगाई जानी चाहिए। पूंजीपतियों की दिलचस्पी मुनाफे में है। रेल यात्रियों की सुरक्षा और उनकी सुविधाओं को बढ़ाने में नहीं है।

जनरल बोगियों को बढ़ाने की मांग

उन्होंने दावा किया जनरल बोगियों को लगातार कम किया जा रहा है। पहले जनरल बोगियां 12-12 की तादाद में होती थी, लेकिन अब उनको कम किया जा रहा है। पटना-मुजफ्फरपुर और कटिहार में ट्रेनों में यात्रियों को भेड़-बकरियों की तरह भरा जा रहा है। इस पर तुरंत रोक लगे और जनरल की बोगियों को बढ़ाया जाए। सांसद ने सदन में वेटिंग लिस्ट का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि आज ट्रेनों में तीन-तीन महीने की वेटिंग मिलती है। सरकार के बजट का क्या फायदा, जब आम आदमी भेड़-बकरियों की तरह यात्रा करे।

‘दलालों के जरिए मिलता है ट्रेन में बर्थ’

सांसद ने सदन में कहा कि दलालों के जरिए ट्रेनों में टिकट मिलता है। उन्होंने कहा, वेटिंग तीन महीने की होती है, लेकिन आप ब्रोकर को कहिए आपको उसी दिन की कंफर्म टिकट करवा देगा। मेरा सवाल है कि आखिर 3 महीने की वेटिंग में ब्रोकर को टिकट कहां मिल जाता है? 1000-500 रुपये में तुरंत सीट मिल जाती है। इस पर सरकार को सख्ती से ध्यान देने की जरूरत है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading