पंद्रह अगस्त से पहले सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले छात्रों को एक विशेष तोहफा मिलने वाला है. इन बच्चों को स्वतंत्रता दिवस से पहले एक स्पेशल गिफ्ट मिलेगा. लेकिन ये गिफ्ट सभी स्कूलों के बच्चों को नहीं दिया जायेगा. ये केवल उन्हीं स्कूल के बच्चों को दिया जायेगा, जिस स्कूल की डिटेल ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर शत प्रतिशत अपडेट कर दी गई है.

दरअसल बिहार सरकार इस शैक्षणिक सत्र में एक महत्वपूर्ण पहल करने जा रही है, जिसमें आधार कार्ड और ई-शिक्षा पोर्टल पर डेटा अपलोड करने वाले सभी छात्रों को नि:शुल्क शैक्षिक किट प्रदान की जाएगी.

पहली से बारहवीं तक के छात्रों को मिलेगा यह किट
जमुई जिला शिक्षा पदाधिकारी राजेश कुमार के अनुसार, यह किट पहली कक्षा से लेकर 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को दी जाएगी. किट में स्कूल बैग, स्लेट, व्हाइट बोर्ड मार्कर, चाक, कलर सेट, ड्राइंग बुक और वाटर बोतल शामिल होगी.

यह किट 15 अगस्त से पहले सभी स्कूलों को उपलब्ध कराई जाएगी और स्कूल प्रधान द्वारा योग्य छात्रों के बीच वितरित की जाएगी. सामग्री कक्षा के अनुसार अलग-अलग होगी. पहली कक्षा के बच्चों को स्कूल बैग, स्लेट, मार्कर के साथ डस्टर, चाक, कलर सेट, ड्राइंग बुक और वाटर बोतल मिलेगी.

दूसरी कक्षा के बच्चों को तीन प्रकार की नोट बुक, पेंसिल, कटर, रबर, स्केल, पेंसिल बॉक्स, ड्राइंग बुक और एक वाटर बोतल मिलेगी. तीसरी और चौथी कक्षा के बच्चों को भी इसी तरह की सामग्री मिलेगी, जिसमें कलर, पेंसिल भी शामिल होगी. इसी तरह 12वीं कक्षा तक के बच्चों के लिए भी अलग-अलग प्रकार के किट तैयार किए गए हैं.

बेहतर शिक्षण व्यवस्था बनाने को लेकर किया गया है पहल
इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों में छात्रों के नामांकन और उपस्थिति में वृद्धि करना है. यह कदम सरकारी शिक्षा प्रणाली को एक मॉडल प्रणाली में बदलने के लिए उठाया गया है.

जल्द ही जिले के सभी विद्यालयों को बेहतर संसाधनों से सुसज्जित किया जाएगा, ताकि शिक्षा की गुणवत्ता और छात्रों की पढ़ाई में सुधार हो सके. गौरतलब है कि सभी विद्यालय के छात्रों की डिटेल ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश विभाग के द्वारा दिया गया है.

जिन विद्यालयों में ये काम शत प्रतिशत कर लिया गया है, इन विद्यालयों को अब ये विशेष गिफ्ट पैकेज दिया जाना है.




