नालंदा में उफनाई नदी: डायवर्सन पर बह रहा पानी, जिला मुख्यालय से कई गांव का संपर्क टूटा

नालंदा में बहने वाली गोइठवा की सहायक गोहिया नदी में पानी के बढ़ते जलस्तर ने बिंद प्रखंड के सीमावर्ती इलाका दुल्हपुर गांव के निवासियों के लिए एक नई चुनौती खड़ी कर दी है। नदी पर बना चचरी पुल, जो बंदीचक गांव को जोड़ता था, अब पानी में डूब गया है और बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। इसके कारण स्थानीय लोगों के दैनिक जीवन को गंभीर रूप से प्रभावित कर रही है।

स्थानीय निवासी धर्मेंद्र यादव ने बताया की हमारे गांव में लगभग 500 लोग रहते हैं, और यह पुल हमारे लिए जीवनरेखा की तरह था। अब हम अपने दैनिक कार्यों के लिए भी संघर्ष कर रहे हैं। चचरी पुल जो बांस से निर्मित था, विशेष रूप से बुजुर्गों और बच्चों के लिए महत्वपूर्ण था। पुल के क्षतिग्रस्त होने से, नदी पार करना अब एक जोखिम भरा काम बन गया है।

फिर भी, कई ग्रामीण अपनी जान जोखिम में डालकर नदी पार करने को मजबूर हैं। गांव से बाहर मुख्य सड़क तक जाने के लिए दो किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है। जबकि चचरी पुल से महज 20 मीटर की दूरी ही तय करनी पड़ती है।

जल्द से जल्द एक ठोस पुल का निर्माण करवाए सरकार
रघुनी महतो एवं एक अन्य स्थानीय निवासी ने बताया कि हमारा गांव पटना और नालंदा जिले की सीमा पर स्थित है। गोहिया नदी नालंदा में है, लेकिन हमें रोजमर्रा के कामों के लिए इसे पार करना पड़ता है। पानी का स्तर बढ़ने से हमारी परेशानियां और बढ़ गई हैं।

खेतीबाड़ी का काम हो या बाजार जाना हो इसके लिए चचरी पुल ही सहारा है। ग्रामीणों ने एक स्थायी और सुरक्षित पुल के निर्माण की मांग की है। चंदीरक महतो ने कहा कि हम सरकार और स्थानीय प्रशासन से यह कहना चाहते हैं कि इस मुद्दे को गंभीरता से लें और जल्द से जल्द एक ठोस पुल का निर्माण करें।

हिलसा-नूरसराय मुख्य मार्ग  पर आवागमन ठप
इधर, थरथरी प्रखंड मुख्यालय के बगल से गुजरने वाली मुहाने नदी भी उफान पर है। जलस्तर में तेजी से इजाफा होने के कारण मुहाने नदी पर बना डायवर्जन डूब गया है। दो से ती फीट पानी का बहाव हो रहा है। इसके कारण हिलसा- नुरसराय मुख्य सड़क पर वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है।

हिलसा अनुमंडल के लोगों को जिला मुख्यालय से सीधा संपर्क टूट गया है। जिसके कारण हिलसा करायपरसुराय और थरथरी प्रखंड के लोगों को परवलपुर के रास्ते बिहारशरीफ आना पड़ रहा है। इसमें करीब 10 से 12 किलोमीटर की दूरी अधिक तय करनी पड़ रही है। मुहाने में आई पानी मे बच्चे खेलते हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि जिला प्रशासन द्वारा मजिस्ट्रेट नियुक्त करने की बात कही गई थी।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading