बिहार के भागलपुर में बीते दिन भागलपुर-हावड़ा वंदे भारत के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय रेल राज्य मंत्री ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के लिए विवादित शब्द का इस्तेमाल किया था। दरअसल, हरी झंडी दिखाने के कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को आतंकवादी कहा था। रवनीत सिंह के इस बयान के बाद विपक्ष के तमाम नेताओं ने केंद्रीय रेल राज्य मंत्री पर जमकर निशाना साधा।

अब बिहार में भी रवनीत सिंह के इस बयान को लेकर बवाल मचा हुआ है। आज बिहार कांग्रेस के तमाम नेताओं ने पटना के सड़कों पर उतर कर केंद्रीय रेल राज्य मंत्री के बयान पर विरोध जताया है। इसी में बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। अखिलेश सिंह ने कहा कि इस देश के नेता प्रतिपक्ष को भारत सरकार के एक मंत्री ने आतंकवादी कहा है।

केंद्रीय मंत्री ने यह बयान प्रधानमंत्री के इशारों पर दिया है। बिहार कांग्रेस इस तरह के बयान को बर्दशत नहीं कर सकती है। हम पीएम मोदी से कहना चाहते हैं कि जल्द से जल्द ऐसे बयान देने वाले मंत्री को अपने मंत्रिमंडल से बर्खास्त करें। अगर उस मंत्री को मंत्रिमंडल से बर्खास्त नहीं किया जाता है तो जहां भी उनका कार्यक्रम होगा, बिहार काग्रेंस उस कार्यक्रम का विरोध करेगी। बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी देश में प्रजातंत्र और जम्हूरियत और संविधान की लड़ाई लड़ रहे हैं।