पटना:बिहार सरकार के ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी ने भले ही ‘बढ़ती उम्र’ वाले अपने सोशल मीडिया पोस्ट पर सफाई दे दी हो लेकिन इसको लेकर बिहार की सियासत गरमायी हुई है. जेडीयू नेताओं के साथ-साथ विपक्षी दलों के नेता भी इस पर सवाल उठा रहे हैं.
इस बीच आरजेडी अध्यक्ष लालू यादव की बेटी और सारण लोकसभा सीट की उम्मीदवारी रहीं रोहिणी आचार्य ने धमाकेदार पोस्ट किया है. अपने पोस्ट में उन्होंने सीएम की लाचारगी को जताते हुए लिखा कि अब तो चाचा जी की ही बढ़ती उम्र पर उनके ही चहेते प्यादे के द्वारा उठाया गया सवाल बड़ा भारी है.

बढ़ती उम्र को लेकर अशोक चौधरी ने किया था पोस्ट
असल में मंगलवार को नीतीश सरकार में मंत्री अशोक चौधरी ने अपने एक्स हैंडल पर एक पोस्ट साझा किया था. जिसमें उन्होंने लिखा था, ‘बढ़ती उम्र में इन्हें छोड़ दीजिए. एक दो बार समझाने से यदि कोई नहीं समझ रहा है तो सामने वाले को समझाना छोड़ दीजिए.’इस पोस्ट को लेकर के बाद सवाल उठने लगे थे कि क्या उनका निशाना मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर है? इस पर जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार, आरएलएम अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा, वीआईपी चीफ मुकेश सहनी समेत आरजेडी के नेताओं ने भी आपत्ति जताई थी.

सीएम से मिलकर अशोक चौधरी ने दी सफाई
हालांकि विवाद बढ़ने के बाद अशोक चौधरी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की और पोस्ट को लेकर सफाई दी. उन्होंने एक्स हैंडल पर सीएम के साथ तस्वीरें शेयर कर कहा,’कुछ तो लोग कहेंगे. लोगों का काम है कहना, तो सुनी-सुनाई बातों पर ध्यान देना छोड़ दीजिए. मेरा नाता मेरा अभिमान.’
