पटना: बिहार की चार विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होना है. ये सीटें हैं तरारी, रामगढ़, बेलागंज और इमामगंज. एनडीए की ओर से भाजपा ने तरारी से सुनील पांडेय के बेटे विशाल प्रशांत और रामगढ़ से अशोक सिंह को उम्मीदवार बनाया है.


इमामगंज सीट, हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के खाते में गयी थी. हम ने जीतन राम मांझी की बहू दीपा मांझी को उम्मीदवार बनाया है. बेलागंज सीट, जेडीयू के खाते में आयी थी.


रविवार को जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने बेलागंज से मनोरमा देवी को उम्मीदवार बनाने की घोषणा की.


बेलागंज की लड़ाई हुई रोचकः बेलागंज सीट से राजद ने पूर्व विधायक सह सांसद सुरेंद्र यादव के बेटे विश्वनाथ सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है.

यहां से प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज ने मिर्जा गालिब कॉलेज के पूर्व प्रोफेसर खिलाफत हुसैन को उम्मीदवार बनाया है. अब, मनोरमा देवी को बेलागंज से जदयू का उम्मीदवार बनाये जाने की घोषणा के बाद लड़ाई रोचक हो गयी है. मनोरमा देवी और विश्वनाथ सिंह यादव जाति से आते हैं.

कौन हैं मनोरमा देवी: मनोरमा देवी पूर्व विधान परिषद सदस्य हैं. जेडीयू की कद्दवार नेता मानी जाती हैं.

मनोरमा देवी के पति बिंदी यादव उर्फ बिंदेश्वरी यादव का निधन हो चुका है. उनकी गिनती बाहुबली नेता के रूप में होती है. सितंबर 2024 में मनोरमा देवी के यहां एनआईए ने छापेमारी की थी.

तब भारी मात्रा में कैश और गोली बरामद हुई थी. एनआईए ने नक्सलियों से सांठगांठ के आरोप में छापेमारी की थी. इसको लेकर वो सुर्खियों में रही थी.