पटना. बिहार विधानसभा उपचुनाव को लेकर राज्य में सियासी पारा काफी हाई हो गया है. उम्मीदवारों के चयन से लेकर चुनावी मुद्दों पर अलग-अलग दलों के नेता एक दूसरे पर निशाना साध रहे हैं. एक दिन पहले ही जहां इमामगंज सीट से एनडीए की उम्मीदवार जीतन राम मांझी की बहू दीपा मांझी को लेकर सियासत गरमा गयी थी.


वहीं अब तरारी विधानसभा सीट से एनडीए के उम्मीदवार सुनील पांडेय के बेटे विशाल पांडेय पर सियासी वार पलटवार का दौर शुरू हो गया है. आरजेडी ने सुनील पांडेय की तस्वीर लगाकर तरारी से उनकी उम्मीदवारी पर सवाल उठाए हैं.


आरजेडी ने सोशल मीडिया साइट फेसबुक पर पोस्ट शेयर कर सुनील पांडेय और विशाल पांडेय को लेकर सवाल खड़े किए हैं. आरजेडी ने कार्बाइन हथियार को लेकर भी बीजेपी और नीतीश कुमार पर हमला किया है.


इस मामले को लेकर सियासी वार-पलटवार का दौर भी शुरू हो गया है. जेडीयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने तरारी से बीजेपी उम्मीदवार विशाल प्रशांत के हथियारों के साथ पूजा करने की तस्वीर और आरजेडी के सवाल पर कहा कि बिहार की राजनीति के अपराधीकरण के दोषी लालू प्रसाद यादव हैं. उन्हें बिहार की जनता से उस दौर के लिए माफी मांगनी चाहिए. ऐसी तस्वीरों से जनता को मूर्ख नहीं बना सकते.

बता दें, बीजेपी ने बाहुबली नेता सुनील पांडे के पुत्र विशाल प्रशांत को अपना उम्मीदवार घोषित किया है. यह चर्चा लंबे समय से थी कि सुनील पांडे खुद चुनाव लड़ना चाहते थे, लेकिन बीजेपी ने उन्हें टिकट नहीं दिया.


इसके बजाय, उनके बेटे विशाल प्रशांत को पार्टी ने उम्मीदवार बनाया है. कुछ समय पहले पटना में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सुनील पांडे और उनके बेटे विशाल प्रशांत बीजेपी में शामिल हुए थे. तभी से कयास लगाए जा रहे थे कि विशाल प्रशांत को उपचुनाव में बीजेपी का टिकट मिलेगा.

