बिहार में पुलों के बाद अब सरकारी फंड से बन रही दीवार गिरी

सहरसा जिले के पतरघट प्रखंड क्षेत्र के पामा पंचयात स्थित वार्ड नंबर 10 में लाखों की लागत से बनाई जा रही पैक्स गोदाम की दीवार गिरने से अफरातफरी मच गई। घटना में पांच मजदूरों को चोट लगी है। सोमवार की शाम यह घटना तब हुई जब निर्माणाधीन भवन में प्लास्टर के लिए बांस-बल्ला बांधा जा रहा था।

लोगों ने निर्माण में अनियमितता का आरोप लगाया है। कुछ लोगों का कहना है कि निर्माणाधीन भवन के एक भाग में बहुत बड़ा गड्ढा था, जिसे भरे बिना निर्माण कार्य किया गया। उस भाग पर दबाव बनने से ही दीवार गिरने की बात आ रही है।

भ्रष्टाचार का आरोप, लोग बोले- अफसरों ने नहीं दिया ध्यान
घटना के बाद लोगों ने आरोप लगाया कि निर्माण में शुरू से ही अनियमितता बरती गई है, जिसके कारण यह भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया। लोगों ने बताया कि बन रहे पैक्स गोदाम में बडे़ पैमाने पर अनियमितता बरती गई।

जानकारी के मुताबिक पामा पैक्स अध्यक्ष की देखरेख में कुछ माह पहले से इस पैक्स गोदाम का निर्माण करवाया जा रहा था। स्थानीय लोगों के अनुसार संबंधित अधिकारियों की अनदेखी के कारण गोदाम निर्माण में गुणवत्ता का ख्याल नहीं रखा गया। इसी कारण पैक्स गोदाम के एक हिस्से की पूरी दीवार गिरकर ध्वस्त हो गई।

पैक्स अध्यक्ष ने कहा- ग्रेड बीम देकर करा रहे थे निर्माण
सोमवार की शाम बहुत बड़ा हादसा होने से टल गया, क्योंकि दीवार गिरने से किसी की जान नहीं गई। इस बारे में जब पैक्स अध्यक्ष अवनीश कुमार सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि सरकारी जमीन के अभाव में एक गड्ढे में ही ग्रेड बीम देकर भवन निर्माण कराया जा रहा था। दीवार की ऊंचाई 26 फीट हो गई। लगभग सात फीट मिट्टी डाला गया था।

इसी बीच हुई बारिश में ग्रेड बीम की मिट्टी हट गई तो उसे प्लाई आदि से रोका जा रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि इस निर्माण के नाम पर कुछ लोग पैसे की मांग कर रहे थे और नहीं देने पर दीवार को धक्का देकर गिरा दिया गया। दो दिन से प्लास्टर हो रहा था। दीवार का पटवन भी किया गया था।

सोमवार को अचानक दीवार जड़ से ही गिर गई। उन्होंने कहा कि घटना में एक-दो मजदूर को हल्की चोट लगी है। अनियमितता की कोई बात नहीं है। वहीं, जिला सहकारिता अधिकारी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग मीट में होने की बात कहते हुए इस संबंध में बाद में बात करने को कहा।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading