बेगूसराय: बिहार के बेगूसराय में शराब माफिया का गजब का कारनामा सामने आया है। एक चौथी के बच्चे को शराबी बना दिया गया। बछवाड़ा थाना के शिशवा प्राथमिक विद्यालय के पुराने जर्जर शौचालय से सोमवार की दोपहर पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की गई। शराब की बरामदगी तब हुई, जब इस विद्यालय की चौथी कक्षा के एक बच्चे ने शराब को कोल्ड ड्रिंक समझ पी ली। छात्र की हालत बिगड़ने तथा उसके मुंह से शराब की गंध आने पर स्कूल में शराब की खोजबीन शुरू कर दी गई। यह मामला तब प्रकाश में आया है जब मोतिहारी में जहरीली शराब पीने से 9 लोगों की मौत के बाद प्रशासन हाई अलर्ट पर है।

मामला सामने आते ही इलाके में हड़कंप मच गया। खोजबीन के दौरान स्कूल के पुराने शौचालय में 12 कार्टन शराब मिली। शिक्षकों ने मामले की सूचना बछवाड़ा थाने की पुलिस को दी। पुलिस ने स्कूल पहुंच कर शराब जब्त कर ली और धंधेबाजों की तलाश में जुट गई है। कहा जा रहा है कि कोई स्थानीय कारोबारी है जो शराब का धंधा करने के लिए सरकारी भवन की बेजा इस्तेमाल कर रहा है। बछवाड़ा थानाध्यक्ष ने कहा कि जल्द ही धंधेबाज की पहचान करके गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इधर, छात्र की हालत बिगड़ते देख उसके परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले गए। बच्चे का तत्काल उपचार करवाया गया। विद्यालय के एचएम मो. मुरसलीन ने बताया कि स्कूल में छुट्टी के बाद वे घर के लिए निकल गए थे। स्थानीय ग्रामीणों के द्वारा उन्हें विद्यालय के शौचालय में भारी मात्रा में शराब रखे जाने तथा चौथी कक्षा के छात्र की हालत बिगड़ने की सूचना दी गई थी। विद्यालय पहुंचकर पुलिस ने शराब को जब्त कर थाने ले गई। विद्यालय के शौचालय में शराब रखने वाले व्यक्ति को पुलिस चिह्नित कर रही है।

बेगूसराय की इस घटना ने शराबबंदी लागू करने की मशीनरी की कार्यशैली पर सवाल खड़ा कर दिया है। खासकर लोकल थाना और मद्यनिषेध पदाधिकारी की आलोचना हो रही है। कहा जा रहा है कि पुलिस धंधेबाजों से मिलीभगत रखती है। धंधेबाज पुलिस को मैनेज करके ही नशे का कारोबार करते हैं। कहा जा रहा है कि शराब पीने से बच्चे की जान भी जा सकती थी। माफिया के हौसले इतने बुलंद कैसे हैं कि स्कूल के भवन को गोदाम बनाने से नहीं डरते।

सोमवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एक ट्वीट से बिहार में शराबबंदी कानून को मजाक करार दिया। आंकड़े पेश करके कहा कि शराबबंदी वाले राज्य में हर दिन 1 लाख 70 हजार लीटर शराब पी जाती है। 10 सालों में 5 करोड़ लीटर शराब जब्त की गई। इतनी शराब राज्य में आता कहां से है?