मधुबनी: छठ हर बिहारी के लिए एक महत्वपूर्ण पर्व है, जिसमें कई धार्मिक विधियों और मान्यताओं का पालन किया जाता है. श्रृंगार को न केवल सौंदर्य बढ़ाने वाला, बल्कि सौभाग्य का प्रतीक भी माना जाता है.


मान्यता है कि छठ व्रत करने वाली महिलाएं शुद्ध लाह की चूड़ियां पहनती हैं, जो सौभाग्य का प्रतीक होती हैं. छठ पर्व के नजदीक आने के साथ ही लाह की चूड़ियों की मांग में काफी बढ़ोतरी हुई है.




बिहार के मधुबनी जिले में महिलाएं अपने हाथों के नाप के अनुसार विशेष चूड़ियों के ऑर्डर दे रही हैं, जिससे बाजार की रौनक बढ़ गई है. स्थानीय दुकानदार नवरात्रि से ही इन चूड़ियों की तैयारियों में जुटे हुए हैं, ताकि व्रत करने वाली महिलाओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो.



बाजार में आई रौनक
एक दुकानदार ने बताया, हर साल बड़ी संख्या में ऑर्डर आते हैं, और महिलाएं समय से अपने नाप के अनुसार चूड़ियां बनवाने आती हैं. छठ पर्व के इस विशेष अवसर पर लाह की चूड़ियां न केवल परंपरा को बनाए रख रही हैं बल्कि स्थानीय व्यापार को भी बढ़ावा दे रही हैं, जिससे मधुबनी का बाजार और भी जीवंत हो गया है.

