बिहार की चार विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने वाले हैं. इसके तहत कैमूर जिले की रामगढ़ विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव के लिए आगामी 13 नवंबर को वोटिंग होगी. रामगढ़ विधानसभा बिहार के सबसे हॉट सीटों में रहती है, क्योंकि यहां आरजेडी के बिहार अध्यक्ष जगदानंद सिंह की चुनावी विरासत से जुड़ा मामला है.


इस बार रामगढ़ सीट से चुनाव लड़ रहे जगदानंद सिंह के बेटे अजीत सिंह का चुनाव प्रचार करने के क्रम में उनके सांसद भाई सुधाकर सिंह ने विवादित बयान दे दिया है जिससे सियासी माहौल और गर्म हो गया है.



सुधाकर सिंह ने शुक्रवार को एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए बीजेपी कैंडिडेट और उनके समर्थकों को खुली धमकी दी और लाठी से पीटने की बात तक कह दी.



सुधाकर सिंह ने आरजेडी समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा, रामगढ़ सीट से भले ही एक साल के विधायक चुना जा रहा हो, इतना याद रखिये कि सुधाकर सिंह पांच साल के लिए सांसद रहेगा. एक सांसद के सामने विधायक की कोई औकात नहीं होती.

अगर बीजेपी वाला जीत भी गया तो उसे घुटने पर लाना मुझे आता है. इसके बाद तो सुधाकर सिंह और भी बेकाबू हो गए और मंच से अपने संबोधन में समर्थकों से कहा कि इस चुनाव में 2020 के चुनाव वाली गलती नहीं करनी है. उस समय तो सिर्फ तीन जगह पर बीजेपी वालों को पीटे थे, लेकिन इस बार 300 बूथों पर उनको लाठी से पीटेंगे.

सुधाकर सिंह बेकंट्रोल होते गए और जुबान से हमला करना जारी रहा. उन्होंने कहा, मैं गर्म मिजाज का आदमी हूं. इसका उदाहरण लोगों ने देख लिया है. जब बिहार में आरजेडी की नीतीश कुमार के साथ सरकार बनी थी तो उस सरकार में मुझे कृषि मंत्री बनाया गया था. वहां भी मैं मुख्यमंत्री के सामने तन गया था. बता दें कि इससे पहले भी सुधाकर सिंह ने सीएम नीतीश कुमार पर जुबानी हमला किया.

उन्होंने कहा कि नीतीश रद्दी और दुस्साहसी मुख्यमंत्री है ऐसा मुख्यमंत्री हमने किसी राज्य का नहीं देखा है बिहार के दोनों डिप्टी सीएम रावण है यह रावण दोनों यही घूम रहे हैं यह लोग असली रावण है जिन्हें रामलीला के मैदान में नीतीश कुमार ने भी देखकर अपने धनुष को फेंक दिया.