पटना: पूर्णिया एयरपोर्ट का काम लंबे समय से लटका हुआ है लेकिन अब इसके निर्माण को लेकर गतिविधि तेज हो गई है. इस बात की जानकारी जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद संजय झा ने पोस्ट शेयर कर दी है. बताया है कि पूर्णिया एयरपोर्ट के विकास की दिशा में दो महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं. अंतरिम टर्मिनल बिल्डिंग के निर्माण का टेंडर जारी हो गया है.

एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने जारी किया टेंडर
जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने पोस्ट में लिखा है कि पूर्णिया एयरपोर्ट पर बनने वाले अंतरिम टर्मिनल का डिजाइन तैयार हो गया है. एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने इसके निर्माण के लिए टेंडर भी जारी कर दिया है. यह अंतरिम टर्मिनल टेंडर आवंटित होने के बाद 4 महीने में बनकर तैयार हो जाएगा. वहीं पूर्णिया एयरपोर्ट पर चहारदीवारी के निर्माण के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया और भवन निर्माण विभाग, बिहार सरकार के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर हो गये हैं.

उड़ान स्कीम के तहत हो रहा काम
संजय झा ने पोस्ट में कहा है कि वो प्रधानमंत्री के आभारी हैं. उन्होंने छोटे शहरों में रहने वाले आम लोगों के हवाई सफर के सपने को पूरा करने के उद्देश्य से ‘उड़ान’ जैसी क्रांतिकारी योजना शुरू की. इसके तहत बिहार को दो एयरपोर्ट दिये. उन्होंने सीएम नीतीश कुमार का भी आभार जताया कि उन्होंने उड़ान स्कीम का एक एयरपोर्ट पूर्णिया में स्थापित करने का फैसला किया और लगातार इसकी मॉनीटरिंग करते रहे. उन्होंने 24 अगस्त 2024 को भी पूर्णिया जाकर एयरपोर्ट से संबंधित कार्यों की समीक्षा की थी.

निर्माण कार्य शीघ्र शुरू निर्देश
इस दौरान संजय झा पूर्णिया सैन्य हवाई अड्डे से सिविल एयरपोर्ट का संचालन शुरू करने में आ रही समस्याओं का निराकरण करते हुए, एयरपोर्ट का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने के निर्देश अधिकारियों को दिये थे. साथ ही पूर्णिया एयरपोर्ट तक यात्रियों के सुचारु आवागमन के लिए सड़क संपर्कता और अन्य मूलभूत सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा था.

कब तक बनेगा एयरपोर्ट?
बता दें कि नीतीश कुमार जब महागठबंधन में थे तो पूर्णिया एयरपोर्ट को लेकर काफी विवाद हुआ था. गृह मंत्री अमित शाह ने पूर्णिया एयरपोर्ट से उड़ान शुरू होने की बात सीमांचल में आयोजित जनसभा में कह दी थी, जिस पर खूब बयान बाजी भी हुई थी. एयरपोर्ट जमीन को लेकर लंबे समय से लटका हुआ था. हालांकि अब पूर्णिया एयरपोर्ट से भी जल्द उड़ान शुरू होने की उम्मीद जगी है. अंतरिम टर्मिनल का टेंडर जारी हो गया है और इस पर 45.45 करोड़ रुपये की राशि खर्च होगी. 4 महीने में इसे बनाकर तैयार करना है यानी अगले साल विमान सेवा शुरू हो सकती है.
